
अस्पताल में इलाज कराता घायल। फोटो- पत्रिका
सिरोही। शहर में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे आमजन में डर का माहौल गहरा गया है। पिछले करीब 20 दिनों में 60 से अधिक लोगों को कुत्तों ने काटकर जख्मी कर दिया है। हालात यह हैं कि गत दो दिन में ही 8 लोग इनके शिकार बन चुके हैं।
यह वीडियो भी देखें
कृष्णापुरी क्षेत्र में एक कुत्ते ने 6 से अधिक महिला-पुरुष राहगीरों को काटकर घायल कर दिया। घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। बताया जा रहा है कि कुत्ता पागल था, क्योंकि उसने बिना किसी उकसावे के राह चलते लोगों पर हमला किया।
कुत्ते के सड़क पर एक के बाद एक कई लोगों को काटने की घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। खासतौर पर बाइक सवारों को उसने निशाना बनाया, जिन्हें गिराकर काट लिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन को सूचना दी। मौके पर पहुंचे नगर परिषद के कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद खतरनाक कुत्ते को पकड़ा और पिंजरे में बंद कर ट्रैक्टर-ट्रॉली के जरिए उसे ले जाया गया।
जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में इलाज करा रहे सुरेंद्र सिंह डाबी ने बताया कि वह बाइक पर जा रहे थे, तभी अचानक कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया और गिराकर पैर की एड़ी पर काट लिया। इसी तरह दोपहर के समय छोगाराम, लीलाराम, अल्पेश, मोहम्मद और आशीष को भी कुत्ते ने काट लिया। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के साथ एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाए गए।
लगातार बढ़ रही घटनाओं से शहरवासियों में भय का माहौल है। लोग खासकर शाम के समय बच्चों को घर से बाहर भेजने में डर महसूस कर रहे हैं। कई इलाकों में लोग समूह में निकलने को मजबूर हैं। सिरोही में आवारा कुत्तों का आतंक अब जनजीवन को प्रभावित करने लगा है। नागरिकों का कहना है कि प्रशासन को इस समस्या का स्थायी समाधान निकालना चाहिए, ताकि लोग सुरक्षित महसूस कर सकें।
सिरोही शहर में बढ़ते आवारा कुत्तों के आतंक को देखते हुए नगर परिषद ने कार्रवाई तेज कर दी है। सोमवार को कृष्णापुरी क्षेत्र में लोगों को घायल करने वाले कुत्ते को पकड़कर सेंटर में रखा गया है। अब शहर में घूम रहे अन्य आवारा कुत्तों को भी पकड़कर उनका वैक्सीनेशन किया जाएगा।
Published on:
21 Apr 2026 03:10 pm
बड़ी खबरें
View Allसिरोही
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
