
शहडोल/उमरिया. बांधवगढ़ नेशनल पार्क में हुए दो दिवसीय ई-बर्ड सर्वे में पक्षियों की 198 प्रजातियां देखने मिली है। इनमें से कुछ ऐसी प्रजाति के पक्षी भी देखने मिले हैं जो कि बहुत कम नजर आते हैं। ई-बर्ड सर्वे के बाद आए परिणाम को लेकर पार्क प्रबंधन ने प्रसन्नता व्यक्त की है। प्रबंधन का दावा है कि अन्य क्षेत्रों की तुलना में बांधवगढ़ नेशनल पार्क में सर्वाधिक पक्षियों की प्रजाति नजर आई है। उल्लेखनीय है कि 24 एवं 25 मई को बांधवगढ़ नेशनल पार्क के 35 कैम्पों में रहकर ई-बर्ड सर्वे किया गया। इसके लिए देश के अलग-अलग जगहों से लगभग 70 वॉलंटियर्स बांधगवढ़ नेशनल पार्क पहुंचे हुए थे। इन वॉलंटियर्स के साथ बांधवगढ़ नेशनल पार्क के 2-2 कर्मचारियों की भी ड्यूटी ई-बर्ड सर्वे में सहयोग करने लगाई गई थी। बांधवगढ़ नेशनल पार्क के 9 रेंज में बनाए गए 35 कैम्पो में दो दिन रुककर वॉलंटियर्स व पार्क के कर्मचारियों ने सुबह और शाम पैदल चलकर पक्षियों की गणना की। डब्ल्यूएनसी इंदौर एवं बांधवगढ़ प्रबंधन के सहयोग से की गई इस गणना में कुल 198 प्रजाति के पक्षी नजर आए हैं।
नजर आए यह खास पक्षी
बांधवगढ़ नेशनल पार्क में हुए ई-बर्ड सर्वे के दौरान कुछ खास पक्षी भी नजर आए हैं जो की आसानी से दिखाई नहीं देते हैं। इनमें एमराल्ड डव, सिनेमन बिटर्न, ब्लैक बेलिड टर्न, बैंडेड बे कुकु, ओरिएंटल स्कॉप्स उल्लू, फोर्क-टेल्ड ड्रोंगो कुकु व ट्राई कलर्ड मुनिया शामिल हैं। डब्ल्यूएनसी संस्था के अनुसार इस बार भी पक्षियों की बड़ी संख्या में रिकॉर्ड होने की संभावना जताई जा रही है। बांधवगढ़ नेशनल पार्क में सर्वे के दौरान नजर आए अलग-अलग प्रजातियों के पक्षियों की संख्या ई-बर्ड पोर्टल पर दर्ज किए गए हैं। इसकी पूरी रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
पर्यावरण के लिए अच्छा
कार्यक्रम के समापन में यू के सुबुद्धि, प्रधान मुख्य वन संरक्षक विकास निधि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने इस भीषण गर्मी में किए गए कार्य की सराहना की। साथ ही उन्होंने पार्क प्रबंधन के इस सराहनीय कदम की भी सराहना की। पीके वर्मा उप संचालक बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व ने इस सर्वे को महत्वपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि पक्षियों की अच्छी संख्या स्वस्थ पर्यावरण एवं आवास को इंगित करता है। समापन अवसर पर समस्त उप वन मंडलाधिकारी, परिक्षेत्राधिकारी एवं स्टाफ मौजूद रहा।
Published on:
28 May 2024 12:08 pm
बड़ी खबरें
View Allखास खबर
ट्रेंडिंग
