
- डीएम, एसपी और तीन दिन पहले हाइवे और सर्विस लेन का लिया था जायजा
धौलपुर. राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-44) समेत अन्य स्थलों पर बने अवैध कट और सर्विस लेन पर हो रहे गड्ढे और अव्यवस्थाओं को लेकर तीन दिन पहले जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी, एसपी विकास सांगवान समेत एनएचएआइ प्रशासन के इंजीनियर व अन्य एजेंसियों के साथ जायजा लिया गया था। दावा किया कि अवैध कट बंद किए जाएंगे और सर्विस लेन पर खुले सर्विस सेंटर, पंचर जोडऩे, ढाबा की पार्किंग समेत अन्य कथित अतिक्रमणों को हटवाया जाएगा। लेकिन सोमवार को भी तस्वीर में खास बदलाव नहीं आया। शहर में सर्विस लेन पर दोनों तरफ भारी वाहन खड़े थे और जिससे सर्विस लेन पर अन्य वाहनों को निकलने में असुविधा हो रही थी। इसी तरह शहर से गुजर रहे हाइवों पर भी अमूमन यही दृश्य था। हालांकि, पुलिस प्रशासन का कहना है कि एनएचएआई को निर्देशित किया है और कट बंद करवाने के साथ अतिक्रमण भी हटवाएं जाएंगे। गौरतलब रहे कि बीते साल जिले में सडक़ हादसों में करीब 200 से अधिक लोग जान गवा चुके हैं।
सागरपाडा की तरफ ... स्थिति खराब
एमपी की तरफ से धौलपुर शहर की ओर से आ रही सर्विस लेन की स्थिति अधिक खराब है। यहां पर सडक़ पर पानी और मिट्टी इत्यादि फैली है, जिससे दुपहिया वाहन तो निकल ही नहीं पाते हैं। साथ ही यहां फ्लाईओवर की दीवार की तरफ सर्विस सेंटरों के साथ भारी वाहन खड़े रहते हैं। जिससे अन्य वाहनों को निकलने में भारी असुविधा उठानी पड़ रही है। ऐसा ही कुछ हाल वाटरवक्र्स चौराहे के पास से गुलाब चौराहे की तरफ सर्विस लेन पर है। यहां भी भारी वाहन कतारबद्ध खड़े रहते हैं। जिससे अन्य वाहन चालकों को असुविधा होती है। यह हाल प्रतिदिन का है।
गड्ढे...ऐसे की इंजीनियरिंग भी फेल!
एनएच 44 की राजाखेड़ा बाइपास और आगरा की तरफ सर्विस लेन पर गड्ढे हो रहे हैं। ये भी हल्के-फुल्के नहीं बड़े-बड़े जिसमें आएदिन वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। तीन दिन पहले ही ओडेला रोड पर एक ट्रेक्टर-ट्रॉली असंतुलित होकर पलट गया। इसी तरह राजाखेड़ा बाइपास, ओडेला रोड, जिरौली फाटक और आगे की तरफ भी गड्ढों से सर्विस लेन अटी पड़ी है। एक-दो स्थान तो ऐसे हैं कि जहां पर सालभर जलभराव रहता है।
अवैध कट्स... बन रहे मुसीबत
हाइवे 44 समेत अन्य दूसरे हाइवे पर भी अवैध कट्स आवागमन के लिए मुसीबत बने हुए हैं। आगरा-मुंबई हाइवे पर सागरपाडा चौकी से लेकर बरेठा चौकी तक कई अवैध कट बने हुए हैं। कई स्थानों पर तो रैलिंग की क्षतिग्रस्त है जिससे अन्य वाहनों के साथ हादसे की आशंका बनी रहती है। वहीं, डिवाइडर पुराने होने से वह रिपेयरिंग के दौरान दब चुके हैं। डिवाइडरों पुन: निर्माण नहीं होने से यहां से आसानी से दुपहिया वाहन चालक निकलते हैं जो दूसरे के लिए खतरनाक साबित हो रहे हैं। इसी तरह एनएच 11बी और एनएन 123 पर भी यहीं हाल है। साथ ही हाइवे से सट कर दुकानें चल रही हैं और वाहन पार्किंग तो सडक़ पर हो रही है।
- एनएचएआई इंजीनियर समेत अन्य विभागों के साथ एनएच 44 हाइवे समेत सर्विस लेन की स्थिति का जायजा लिया था। एनएचएआई समेत अन्य एजेंसियों को सुधार करने के निर्देश दिए हैं। कार्य में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं है।
- श्रीनिधि बी टी, जिला कलक्टर धौलपुर
- एनएचएआई अधिकारियों को अवैध कट बंद करने के लिए निर्देश दिए हैं। साथ ही सर्विस लेन पर खड़े होने वाले वाहन और अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई को कहा है।
- कृष्णराज जांगिड़, पुलिस उपाधीक्षक (शहर) धौलपुर
Published on:
24 Mar 2026 07:36 pm
बड़ी खबरें
View Allधौलपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
