
मुरीदों के लिए मैनहोल कवर बेचने की तैयारी में क्योटो शहर
नई दिल्ली। दुनिया के अन्य देशों के लिए मैनहोल कवर सिर्फ लोहे से बने ढक्कन होते हैं लेकिन जापान में इनकी अहमियत खास है। जापान के लगभग सभी प्रांतों में ये कवर अद्भुत कला के नमूने और क्षेत्रीय गौरव के प्रतीक हैं। ये अब जापानी शहरों के लिए आय का जरिया भी बन गई हैं। स्थानीय अधिकारी इन मैनहोल कवर के प्रति जनता के आकर्षण का लाभ उठाते हुए इनकी बिक्री के लिए तैयार हैं। इसी कड़ी में अब जापानी शहर क्योटो भी शामिल हो गया है, जिसने मैनहोल कवर की बिक्री शुरू की है। ऐसा पहली बार होगा कि क्योटो प्रशासन 1978, 1981 और 1990 में बने तीन मैनहोल कवर को आम जनता को बेचेगा। जिसमें प्रति कवर की कीमत 5500 येन (लगभग 3,000 रुपए) रखी गई है।
पूर्वी शहर मायबाशी में लगी थीं कतारें:
मैनहोल कवर जापानी संग्राहकों के बीच काफी लोकप्रिय हैं। ये तीनों कवर 66 सेमी चौड़े और वजन में 80-90 किलो के हैं। 2017 में जब पूर्वी शहर मायबाशी ने इसी तरह बिक्री के लिए 10 कवर लगाए थे तो खरीदने वालों की कतारें लग गई थीं। इन खरीदारों में शहर के बाहर के लोग भी शामिल थे। क्योटो शहर के जलापूर्ति और सीवरेज ब्यूरो के अनुसार इस क्षेत्र में लगभग 1,60,000 मैनहोल हैं। इन मैनहोल की लाइफलाइन सड़क पर 15 साल और फुटपाथ पर 30 वर्ष होती है। इस तरह क्योटो में हर साल डेढ़ हजार मैनहोल कवर्स बदल दिए जाते हैं।
टोकोरोजावा ने कर्ज से उभरने को लिया सहारा: मैनहोल कवर की बिक्री का उद्देश्य सीवेज सिस्टम में रुचि बढ़ाना और प्रभावी ढंग से राजस्व उत्पन्न करना है। 2018 में जापान के टोक्यो के उत्तर में स्थित शहर टोकोरोजावा के प्रशासन ने मैनहोल कवर्स के प्रति दीवानगी का कुछ इसी तरह फायदा उठाया। शहर ने अपनी कर्ज के बोझ तले दबी सीवेज प्रबंधन प्रणाली को वित्तपोषित करने के प्रयास में कंपनियों को मैनहोल कवर पर विज्ञापन देने के लिए आमंत्रित किया। स्थानीय स्थलों, मशहूर मूल निवासियों, त्योहारों, वनस्पतियों और जीवों की आकृतियों से सजे मैनहोल कवर्स अपनी कलात्मक सजावट से जापान में इतने लोकप्रिय हो गए हैं कि इनके डिजाइन कॉफी मग, टीशर्ट, की-रिंग और कोस्टर पर भी नजर आते हैं।
जनसंपर्क अभियान के रूप में दशकों पहले हुई शुरुआत:
लगभग 50 साल पहले इनकी शुरुआत एक जनसंपर्क अभियान के तहत हुई, जिसमें यह माना गया कि यदि मैनहोल कवर अधिक आकर्षक होंगे तो करदाताओं की ओर से महंगी सीवेज परियोजनाओं का समर्थन करने की संभावना अधिक होगी। परियोजना सफल हो गई और आज इस स्ट्रीट आर्ट के लिए जापान दुनियाभर में मशहूर है। खूबसूरत चित्रकारी से सजे मैनहोल कवर्स के प्रशंसकों को 'मैनहोर्ल्स' कहा जाता है। यहां हर साल मैनहोल समिट भी आयोजित होती है, जिसमें हजारों की तादाद में प्रशंसक जुटते हैं।
जापान में मैनहोल कवर्स मेनिया
Published on:
12 Oct 2023 11:22 am
बड़ी खबरें
View Allखास खबर
ट्रेंडिंग
