
एक्वेरियम में जीवित दुनिया की सबसे बुजुर्ग मछली की उम्र 100 पार
सैन फ्रांसिस्को। दुनिया की सबसे बुजुर्ग एक्वेरियम में रहने वाली मछली वैज्ञानिकों की सोच से भी अधिक पुरानी है। कैलिफोर्निया एकेडमी ऑफ साइंसेज के डीएनए विश्लेषण के अनुसार सैन फ्रांसिस्को के स्टीनहार्ट एक्वेरियम में रहने वाली ऑस्ट्रेलियाई लंगफिश मेथुसेलाह है, जिसकी उम्र 92 साल है और इसकी अधिकतम आयु 101 वर्ष होने का अनुमान है। पहले माना जाता था कि मेथुसेलाह की उम्र 84 साल है। अपनी सबसे बुजुर्ग मछली की उम्र जानने के बाद स्टीनहार्ट एक्वेरियम के कर्मचारी उत्साहित हैं क्योंकि वे इसी माह के अंत में मछलीघर की 100वीं एनिवर्सरी मनाएंगे।
शोध में किया मिथाइलेशन पर फोकस:
पूर्व में मछलियों की सही उम्र का पता लगाना मुश्किल था क्योंकि उन्हें नुकसान होने की आशंका रहती थी। लेकिन अब नई विधि आधा सेमी से भी छोटे फिन क्लिप पर निर्भर है, जो मछलियों के लिए हानिरहित है। शोधकर्ताओं ने अध्ययन में विशेष रूप से 'मिथाइलेशन' की तलाश की, जहां एक छोटा अणु (जिसे 'मिथाइल समूह' कहते हैं) डीएनए में कुछ बिंदुओं पर चिपक जाता है। जीव की उम्र बढ़ने के साथ इन बिंदुओं में मिथाइलेशन की दर बढ़ जाती है।
शुष्क जलवायु का सामना करने में सक्षम:
ऑस्ट्रेलियाई लंगफिश हवा में सांस ले सकती हैं। ये जिन जलधाराओं में रहती हैं, वे सामान्य से अधिक शुष्क होती हैं या जब पानी की गुणवत्ता बदलती है, तो वे एक ही फेफड़े का उपयोग करती हैं। अधिकांश मौजूदा लंगफिश प्रजातियों में दो फेफड़े होते हैं। लेकिन ऑस्ट्रेलियाई लंगफिश में केवल एक फेफड़ा होता है। यह प्रजाति 10 करोड़ वर्ष से अधिक पुरानी है, फिर भी इन्हें अंतरराष्ट्रीय प्रकृति संरक्षण संघ (आइयूसीएन) की रेड लिस्ट में लुप्तप्राय के रूप में सूचीबद्ध किया गया है।
आकर्षक व्यक्तित्व के कारण हुई मशहूर:
मेथुसेलाह को पहली बार 1938 में सैन फ्रांसिस्को के एक्वेरियम लाया गया। इसके साथ ऑस्ट्रेलिया और फिजी से भी आई अन्य 200 से अधिक मछलियां एक्वेरियम का हिस्सा बनीं। लेकिन वक्त के साथ मेथुसेलाह न केवल अपनी बढ़ती उम्र बल्कि आकर्षक व्यक्तित्व से काफी मशहूर हो गई। उसे पेट रगड़वाना काफी पसंद है। ऑस्ट्रेलियाई वैज्ञानिक जो 2023 के अंत में अपने पूर्ण निष्कर्ष को प्रकाशित करने की योजना बना रहे हैं, उन्होंने अमरीकी और ऑस्ट्रेलियाई संस्थानों में रहने वाली 30 अन्य मछलियों पर भी शोध किया। स्टीनहार्ट एक्वेरियम की अन्य दो लंगफिश की उम्र भी 54 और 50 वर्ष पाई गई है।
ऑस्ट्रेलियाई लंगफिश से जुड़े तथ्य :
आकार: 4 फीट से अधिक
वजन: औसतन 20 किलो
जीवनकाल: कम से कम 20-25 वर्ष
Published on:
22 Sept 2023 11:24 am
बड़ी खबरें
View Allखास खबर
ट्रेंडिंग
