
भारत में सबसे ज्यादा कॉलेजों वाले जिले बेंगलूरु और जयपुर
नई दिल्ली। देश में उच्च शिक्षा की स्थिति में लगातार सुधार हुआ है। शिक्षा के उच्च स्तर पर कुल नामांकन 2021-22 में बढ़कर 4.33 करोड़ हो गया है, जो 2020-21 के दौरान 4.14 करोड़ था। यह आंकड़ा लगभग पांच फीसदी की वृद्धि दर्शाता है। उच्च शिक्षा पर अखिल भारतीय सर्वेक्षण (एआइएसएचइ) रिपोर्ट के अनुसार भारत में सबसे ज्यादा कॉलेजों वाला जिला बेंगलूरु (शहर) है। इसके बाद जयपुर का दूसरा स्थान है। शीर्ष 10 जिलों में हैदराबाद, पुणे और भोपाल भी शामिल हैं।
पीजी स्तर पर साइंस में महिलाओं की रुचि अधिक:
पोस्ट ग्रेजुएशन (पीजी) के स्तर पर छात्रों ने सबसे ज्यादा दाखिला सोशल साइंस (जिसमें 56.6% महिलाएं और 43.4% पुरुष हैं) विषय में लिया हुआ है। इसके बाद छात्रों की रुचि विज्ञान, मैनेजमेंट, कॉमर्स और भारतीय भाषाओं में है। विज्ञान विषय में नामांकित कुल छात्र 7.5 लाख (61.2% महिलाएं और 38.8% पुरुष) हैं। वहीं पीजी स्तर पर आइटी एंड कम्प्यूटर और इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी का स्थान क्रमश: नौवें और 10वें नंबर पर है।
आठ सालों में पीएचडी करने वालों में जबरदस्त उछाल:
देश में 2014-15 (1.17 लाख छात्र) के मुकाबले 2021-22 (2.13 लाख छात्र) के दौरान पीएचडी करने वाले छात्रों के नामांकन में 81.2 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। आठ वर्षों के अंतराल में महिलाओं का पीएचडी में नामांकन दोगुना हो गया है। वर्तमान में सबसे ज्यादा पीएचडी इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (24.8%) और विज्ञान (21.3%) में हो रही हैं। 2021-22 के दौरान 32,588 छात्रों को पीएचडी उपाधि प्रदान की गईं। सर्वाधिक डिग्री साइंस (7,408) और इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (6,270) में दी गईं।
नेपाल और अफगानिस्तान के छात्र पढ़ रहे सबसे ज्यादा:
भारत में पढ़ने के लिए दुनियाभर के 170 देशों से विदेशी छात्र आते हैं। देश में नामांकित विदेशी छात्रों की संख्या 46,878 है। विदेशी छात्रों का सबसे बड़ा हिस्सा पड़ोसी देश नेपाल से आता है। इसके बाद अफगानिस्तान, अमरीका, बांगलादेश, यूएइ और भूटान का स्थान है। भारत में रहते हुए सबसे अधिक संख्या में विदेशी छात्र ग्रेजुएशन (74.8%) कर रहे हैं, इसके बाद पीजी पाठ्यक्रमों (15.8%) का नंबर आता है।
साइंस स्ट्रीम में महिलाओं का नामांकन
सर्वाधिक कॉलेजों वाले प्रमुख 10 जिले
बेंगलूरु(अर्बन)- 1106
जयपुर-706
हैदराबाद-491
पुणे-475
प्रयागराज-398
रंगारेड्डी(तेलंगाना)-349
भोपाल-344
गाजीपुर-333
सीकर-330
नागपुर-326
स्रोत: एआइएसएचइ, 2021-22
Published on:
28 Jan 2024 10:56 am
बड़ी खबरें
View Allखास खबर
ट्रेंडिंग
