
पकड़े जाने के बाद रोते-बिलखते हत्या के आरोपी।
सिंघाना थाना क्षेत्र के इश्कपुरा गांव में युवक मुकेश उर्फ टिंकू गुर्जर की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित तीन जनों को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या के पीछे करीब एक साल पुरानी रंजिश और सोशल मीडिया पर रील्स के कमेंट बड़ी वजह बने। आरोपी वारदात के बाद भैंसावता कलां की पहाड़ियों में छिपकर फरारी काट रहे थे, जहां से पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। आरोपियों में इश्कपुरा निवासी विजय सिंह उर्फ मिंटू, भोदन निवासी सोमवीर गुर्जर और भरगड़ा की ढाणी, नानूवालीबावड़ी निवासी अजीत भरगड़ शामिल हैं। मृतक मुकेश उर्फ टिंकू और आरोपी विजय उर्फ मिंटू के बीच करीब एक साल पहले गांव में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान विवाद हुआ था। उस समय दोनों पक्षों में मारपीट भी हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच तनाव लगातार बना रहा। कुछ समय बाद सोशल मीडिया पर डाली गई रील्स पर किए गए कमेंट्स ने इस रंजिश को और गहरा कर दिया। आरोपियों को मुकेश की ओर से किए गए तंज और टिप्पणियां नागवार गुजर रही थीं। इसी के बाद आरोपियों ने मुकेश को रास्ते से हटाने की साजिश रच ली। तीन अप्रेल को सिंघाना थाने में रिपोर्ट में विजय उर्फ मिंटू, सोमवीर, अजीत और उनके अन्य साथियों पर हत्या का आरोप लगाया गया। आरोपियों ने वारदात से पहले कई दिनों तक मुकेश की गतिविधियों पर नजर रखी। उसकी आवाजाही, आने-जाने के रास्ते और समय की रेकी की गई। घटना वाले दिन आरोपियों ने रास्ते में मुकेश की बाइक को रोक लिया। पहले लाठियों से हमला कर बाइक को असंतुलित किया गया। मुकेश के सड़क पर गिरते ही मुख्य आरोपी विजय उर्फ मिंटू ने उसके सीने से सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने भैंसावता कलां की पहाड़ियों में छिपे आरोपियों की घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
Updated on:
07 Apr 2026 07:47 pm
Published on:
07 Apr 2026 07:46 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
