
Places to Visit in Bikaner : बीकानेर राजस्थान के चुनिंदा सबसे शानदार पर्यटन स्थलों में एक है। शाही ठाठ-बाट का नाम आते ही जेहन में बीकानेर की छवि बन जाती है। लालगढ़ महल के साथ कई चीजें यहां घूमने के लिए बेहतरीन हैं। जिनमें से कुछ के बारे में आज हम आपको बताएंगे।

बीकानेर से 65 किलोमीटर दूर दुलमेरा की खदानों से निकलने वाले लाल पत्थर इन इमारतों की जान हैं। विश्व प्रसिद्ध रामपुरिया हवेली में इस पत्थर पर की गई नक्काशी सवा सौ साल बाद आज भी ज्यों की त्यों है।

बीकानेर शहर से तीस किलोमीटर दूर देशनोक कस्बे में सफेद पत्थर से बने करणी माता मंदिर में चैत्र नवरात्र शुरू होने के साथ ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ती है। चूहों की पूजा और मां की शक्ति के प्रति आस्था ने इस मंदिर को दुनियाभर में खास पहचान दिलाई है। जो भी पर्यटक बीकानेर आता है, वह करणी माता मंदिर के दर्शन करने जरूर जाता है।

बीकानेर में मौजूद लालगढ़ पैलेस एक ऐसी ही इमारत है जिसे देखने और घूमने के लिए हमेशा से सैलानी जाते रहे हैं। कहा जाता है कि इस खूबसूरत महल का निर्माण महाराजा गंगा सिंह ने 20 वीं शताब्दी के दौरान करवाया था।

गजनेर पैलेस एक झील के किनारे बना हुआ है जिससे इसका दृश्य सचमुच मनमोहक हो जाता है। यह महल 6000 एकड़ में फैला हुआ है। इसका शानदार स्थान और शांत वातावरण इसे शांति पाने के लिए एक आदर्श स्थान बनाता है। आप यहां बहुत सी चीजें देख सकते हैं, नाव की सवारी, रेगिस्तानी सफारी, प्रकृति की सैर, अभयारण्य रात्रिभोज और भी बहुत कुछ।

बीकानेर में ऊंट सफारी पर्यटकों के बीच बेहद ही लोकप्रिय है। ये सफारी आपको थार रेगिस्तान के खूबसूरत सुनहरे रेत के टीलों के माध्यम से लेकर जाएगी। इस क्षेत्र में सर्दियों और गर्मियों में अत्यधिक जलवायु होती है। आप यहां मधुर संगीत, रंगीन पगड़ी वाले पुरुष और विशाल मूंछें और नृत्य - संगीत से भरी शाम को देख सकते हैं।