11 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

खाटू मेले के रोडवेज प्रोजेक्ट पर लगी मुहर : हर रूट के लिए अलग-अलग विंडो, 24 घंटे बस सेवा

सीकर. खाटूश्यामजी के फाल्गुनी लक्खी मेले को लेकर परिवहन व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए मेला प्रोजेक्ट पर प्रशासनिक मुहर लग गई है। इस बार श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए खाटूश्यामजी बस स्टैंड पर प्रत्येक मार्ग के लिए अलग-अलग विंडो और टेंट लगाए जाएंगे,

2 min read
Google source verification

सीकर. खाटूश्यामजी के फाल्गुनी लक्खी मेले को लेकर परिवहन व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए मेला प्रोजेक्ट पर प्रशासनिक मुहर लग गई है। इस बार श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए खाटूश्यामजी बस स्टैंड पर प्रत्येक मार्ग के लिए अलग-अलग विंडो और टेंट लगाए जाएंगे, जिससे यात्रियों को टिकट और बस मिलने में परेशानी न हो। अच्छी बात है कि मेले के दौरान रोडवेज व निजी बसों का किराया सामान्य दिनों की तुलना में 50 प्रतिशत तक कम रखा जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बसें 24 घंटे चलेंगी और प्रत्येक बस के साथ अतिरिक्त स्टाफ तैनात किया जाएगा, जिससे संचालन में कोई बाधा न आए। रींगस से खाटूश्यामजी के लिए 24 फरवरी से शटल सेवा शुरू की जाएगी। रोडवेज की 50 बस शटल के रूप में सेवाएं देंगी। रोडवेज प्रबंधन का अनुमान है कि इस बार मेले में 20 से 25 लाख श्रद्धालु खाटूश्यामजी पहुंच सकते हैं। इसलिए परिवहन व्यवस्था को सबसे अहम माना गया है। रोडवेज प्रबंधन की ओर से खाटूश्यामजी से रींगस के बीच शटल सेवा को भी मजबूत किया जाएगा, जिससे रेल मार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं को सीधा लाभ मिलेगा। गौरतलब है कि खाटूश्यामजी मेले के लिए 21 से 28 फरवरी तक अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा।

हर मार्ग के लिए अलग बुकिंग

मुख्य प्रबंधक दीपक कुमावत के अनुसार रोडवेज की ओर से भेजे गए प्रोजेक्ट के अनुसार खाटूश्यामजी मेला ग्राउंड में एक अस्थायी बस डिपो भी बनाया जाएगा, जहां यात्रियों के मार्गदर्शन के लिए रोडवेज की विशेष टीमें तैनात रहेंगी। जयपुर में सिंधी कैम्प के प्लेटफार्म संख्या दो पर मेला स्पेशल वाहनों के लिए दो बूथ और विंडो लगाई जाएगी। मेला अवधि के दौरान 24 घंटे बसों को चलाने के लिए बसों में अतिरिक्त स्टॉफ लगाया जाएगा। सभी अतिरिक्त वाहनों के साथ चालक व परिचालक साथ होंगे। खाटूश्यामजी मेले के दौरान वैशाली नगर, जयपुर, विद्याधर नगर, डीलक्स डिपो, श्रीमाधोपुर डिपो से दस-दस अतिरिक्त बसें चलाई जाएगी। खाटूश्यामजी से कोटपूतली,अलवर मार्ग पर वहां के प्रबंधन की ओर से यात्रियों के लिहाज से समय सारणी बनाई जाएगी। मेले के लिए 50 बसें सीकर डिपो से संचालित होंगी, जबकि शेष 300 बसें राज्य के अन्य डिपो से बुलाई जाएंगी।

इनका कहना है

खाटूश्यामजी मेले के प्रोजेक्ट को हरी झंडी मिल गई है। मेले में श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए इस पर 25 अतिरिक्त बस चलाई जाएगी। मेला अवधि में यात्रियों का किराया पचास फीसदी ही रहेगा। मेले में इस बार आय का लक्ष्य दो करोड़ रुपए से ज्यादा का तय किया गया है। राजस्व रिसाव को रोकने के लिए खाटू से रींगस मार्ग पर माजीपुरा, जयपुर से खाटू मार्ग पर शाहपुरा मोड और सीकर से खाटू मार्ग पर मंढ़ा और सांवलपुरा में चैक पोस्ट बनाई जाएगी।

सुरेश चौधरी, सीबीएस प्रभारी