जोधपुर. सांगरिया से सालावास मार्ग। कहने को सरस पशु आहार से तनावड़ा फांटा तक का यह मार्ग रीको व जेडीए के क्षेत्राधिकार में आता है, लेकिन दोनों विभागों के जिम्मेदारों की अनदेखी कहें या लापरवाही पिछले तीन माह से अधिक समय से इस मार्ग रोड लाइटें बंद है। रात के समय अंधेरे में यहां दुपहिया वाहन चालक आए दिन हादसे का शिकार हो रहे हैं। इस अंधेरे से पूर्व में कई घरों के चिराग भी बुझ चुके हैं, लेकिन लगातार शिकायतों के बावजूद भी जिम्मेदार बंद पड़ी रोड लाइटों को शुरू करने में गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। जबकि औद्योगिक क्षेत्र होने व शहर में प्रवेश करने के प्रमुख मार्ग में शुमार होने के चलते इस मार्ग पर प्रतिदिन हजारों की संख्या में वाहनों की आवाजाही रहती है।