22 मार्च 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

खास खबर

गलवान घाटी के दो शहीदों समेत 24 फौजियों को सैन्य अलंकरण

दक्षिण पश्चिम कमान का अलंकरण समारोह, 14 सैन्यकर्मियों को वीरता पुरस्कार  

Google source verification

जयपुर. दक्षिण पश्चिम कमान की ओर से चीनी सैनिकों के साथ गलवान घाटी संघर्ष में शहीद हुए 3 मीडियम रेजिमेंट के नायब सूबेदार मनदीप सिंह और नायब सूबेदार सतनाम सिंह (मरणोपरांत) समेत 14 सैन्यकर्मियों को सेना मैडल (वीरता) से सम्मानित किया गया है। वीरता पुरस्कारों के अलावा 1 युद्ध सेवा मेडल, 4 सेना मेडल (डिस्टिंगग्विश) और 5 विशिष्ट सेवा मेडल प्रदान किए गए।
जयपुर के 61 कैवलरी पोलो ग्राउंड पर शनिवार को हुए अलंकरण समारोह में कमान के जनरल आॅफिसर कमांडिंग इन चीफ लेफ्टिनेंट जनरल अमरदीप सिंह भिंडर ने दोनों शहीदों की पत्नियों और अन्य सैन्यकर्मियों को ये पुरस्कार प्रदान किए। इसके अलावा आर्मी कमांडर ने दक्षिण पश्चिमी कमान की 15 इकाइयों को उनके अनुकरणीय प्रदर्शन के लिए प्रशस्ति पत्र देकर भी सम्मानित किया।

ये हुए पुरस्कृत

युद्ध सेवा मैडल— ब्रिगेडियर नवीन कुमार निझावन

सेना मैडल (वीरता)— मेजर ए श्रीनिवास रेड्डी, ले.कर्नल शंकरपति बनर्जी, मेजर विनोद कपरी, मेजर विनोद कुमार, मेजर सुधीर कुमार, नायब सूबेदार मनदीप सिंह (मरणोपरांत), नायब सूबेदार सतनाम सिंह (मरणोपरांत), नायब सूबेदार हरिन्दर सिंह, नायक शैतान सिंह मीना, नायक शिवाजी, लांस दफादार कुलदीप सिंह, लांस नायक समसाद अली, लांस दफादार करतार राम बाना, सिपाही आशीष कुमार।

सेना मेडल (डिस्टिंगग्विश)— मेजर जनरल अभिजीत माधव बापट, मेजर जनरल पंकज मल्होत्रा, कर्नल मनोज सिंह, मेजर आदित्य प्रताप सिंह।


विशिष्ट सेवा मेडल— ब्रिगेडियर संदीप चौधरी, मेजर जनरल राजू चौहान, ब्रिगेडियर रानी रामकुमार, कर्नल अभिषेक गुप्ता और कर्नल सिद्धार्थ आनंद।


ध्रुव, रुद्र के साथ दिखाया युद्ध कौशल

कार्यक्रम के दौरान सेना के एडवांस लाइट हैलीकॉप्टर ध्रुव, रुद्र और चेतक के साथ पैरा स्पेशल फोर्सेज, आर्मी एविएशन के सैन्यकर्मियों ने युद्ध कौशल की हैरतअंगेज विधाओं का प्रदर्शन किया। पोलो ग्राउंड पर दुश्मन के क्षेत्र का दृश्य बनाया गया, जहां टुकड़ियों की एयर ड्रॉपिंग और वापसी का प्रदर्शन किया गया। ध्रुव और रुद्र के सीमित स्थान पर लैंडिंग और टेक आॅफ देख दर्शक दांतों तले उंगली दबा गए। राजपूत और गोरखा रेजिमेंट के बैंड वादन और खुखरी नृत्य पर भी मौजूद लोगों ने खूब तालियां बजाईं।