
सवाईमाधोपुर. बरोनी से शिवाड़ तक क्षतिग्रस्त रोड।
सवाईमाधोपुर. राज्य सरकार ने भले ही बरोनी से वाया शिवाड़, आदलवाड़ा, कुण्डेरा, सवाईमाधोपुर होते हुए कुडग़ांव(करौली) तक के लिए एमडीआर(मेजर डिस्ट्रिक रोड) रोड को स्टेट हाइवे घोषित कर दिया हो लेकिन सार्वजनिक निर्माण विभाग की अनदेखी से इस स्टेट हाइवे पर अब तक ग्रहण लगा है। घोषणा के बाद से इसका कार्य चालू नहीं हो सका है। ऐसे में वाहन चालकों व राहगीरों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
प्रस्ताव ही नहीं भेजे अभी तक
खण्डार विधानसभा क्षेत्र में एमडीआर रोड को स्टेट हाइवे में बदलने की प्रक्रिया फिलहाल कागजों भी चल रही है। स्थिति ये है कि अभी तक पीडब्ल्यूडी ने स्टेट हाइवे को लेकर राज्य सरकार को प्रस्ताव तक नहीं भेजे है, जबकि राज्य सरकार से केन्द्र सरकार तक प्रस्ताव भेजा जाना है लेकिन पीडब्ल्यूडी ने अभी तक इसको गंभीरता से नहीं लिया है।
बरोनी से शिवाड़ तक बदहाल रोड
एमडीआर रोड को स्टेट हाइवे में बदलने की घोषणा पूर्व में हो चुकी है। लेकिन इस पर अब तक कोई निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। स्थिति ये है कि बरोनी से शिवाड़ तक कुल 21 किलोमीटर तक रोड पूरी तरह से बदहाल है। रोड पर जगह-जगह गड््ढे है। इससे रोडवे, निजी बसों, बाइक, ऑटो चालकों व राहगीरों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
158 किमी है कुल लम्बाई
स्टेट हाइवे बरौनी, शिवाड़, आदलवाड़ा, सवाईमाधोपुर, भूरी पहाड़ी, हाड़ौती, सपोटरा, कुडग़ांव होते हुए निकलेगा। इसकी कुल लंबाई 158 किमी होगी। इसी प्रकार जिले में कंवरपुरा से सवाईमाधोपुर तक कुल 92 किलोमीटर तक लंबाई है।
दर्शनार्थियों को भी होती है परेशानी
जिले में शिवाड़, चौथकाबरवाड़ा व सवाईमाधोपुर में तीन बड़े धार्मिक स्थल है। यहां प्रतिदिन दर्जनों श्रद्धालुओं की आवक होती है। ऐसे में वाहनों में सवार लोग व राहगीर भीइस रोड को कोसते रहते है। रोड बदहाल होने से शिवाड़ घुश्मेश्वर मंदिर, चौथ का बरवाड़ा माताजी, सवाई माधोपुर त्रिनेत्र गणेश मंदिर आने-आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी हो रही है। टोंक जिले के सीमा में बरौनी से कंवरपुरा तक फरवरी 2015 में उद्धघाटन हुआ था। लेकिन बदहाल रोड को ठीक तक नहीं कराया जाता है।
हर बार होती है खानापूर्ति
शिवाड़ घुश्मेश्वर मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष प्रेमप्रकाश शर्मा, नटवाड़ा निवासी व भाजपा नेता बद्री विजय ने बताया कि बरोनी से शिवाड़ तक रोड जगह-जगह से क्षतिग्रस्त है। हर बार पेचवर्क में लीपापोती कर इतिश्री पूरी कर ली जाती है। पेचवर्क के नाम पर लाखों रुपए खर्च किए जाते है। लेकिन नतीजा ढाक के तीन पात ही साबित होता है।
....................................
इनका कहना है
बरोनी से शिवाड़, आदलवाड़ा, श्यामपुरा, सवाईमाधोपुर होते हुए कुडंगाव तक कुल 158 किलोमीटर तक एमडीआर रोड को स्टेट हाइवे में तब्दिल किया जाएगा। जिले की सीमा में कंवरपुरा से सवाईमाधोपुर तक कुल 92 किलोमीटर है। जल्द ही इसके प्रस्ताव बनाकर राज्य सरकार को भेजे जाएंगे। इसके बाद राज्य सरकार से केन्द्र सरकार को भेजा जाएगा।
आरसी मीणा, अधीक्षण अभियंता, सार्वजनिक निर्माण विभाग, सवाईमाधोपुर
Published on:
7 Jan 2022, 7:56 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.