5 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सांड को ऐसा आया गुस्सा कि कारों का निकल गया कचूमर

अलवर. एक विशालकाय सांड शुक्रवार को बिदक गया। इससे गुस्से में आए सांड ने एक व्यक्ति को ऐसी टक्कर मारी कि वह सड़क पर ही बेहोश हो गया। सांड ने यहीं बस नहीं की। इसके बाद रास्ते में जो भी आया उसने किसी को नहीं बख्शा। यहां तक कि सींग मारकर कारों के शीशे तोड़ दिए।

2 min read
Google source verification

अलवर

image

Subhash Raj

Jan 17, 2020

सांड को ऐसा आया गुस्सा कि कारों का निकल गया कचूमर

सांड को ऐसा आया गुस्सा कि कारों का निकल गया कचूमर

पागलों की तरह इधर-उधर दौड़ते सांड की वजह से ट्रैफिक रुक गया और लोग अपनी जान बचाकर इधर-उधर भागते रहे। शहर के जेल चौराहा के समीप शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे कहीं से घूमते हुए एक सांड आ गया। सांड ने जेल चौराहा से अम्बेडकर चौराहा के बीच दौड़ते हुए कई जनों को टक्कर मारकर गिरा दिया। उत्पाती सांड को देख लोग इधर-उधर भागने लगे। सांड ने सड़क किनारे खड़ी दो-तीन कारों के शीशे फोड़ दिए और बाइक व स्कूटी आदि को गिरा दिया। लोगों ने सांड को खूब भगाने का प्रयास किया, लेकिन वह लोगों को मारने दौड़ता रहा। सांड ने एक छात्रा सहित दो-तीन लोगों को टक्कर मारी, लेकिन किसी को ज्यादा चोट नहीं आई। करीब दो-ढाई घंटे बाद सांड इधर-उधर कॉलोनी में चला गया। कुछ ही देर बाद वापस सड़क पर आ गया और फिर सांड ने अम्बेडकर चौराहा से लेकर भगतसिंह चौराहा तक सड़क पर उत्पात किया। सांड ने अस्सी क्वार्टर निवासी ताराचंद (40) पुत्र छीतर को अम्बेडकर चौराहा के समीप जबरदस्त टक्कर मारी, जिससे वह बेहोश हो गया। लोगों ने उसे उठाकर सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया। सांड ने कार से उतरकर जा रहे एक युवक को भी टक्कर मार दी। शाम करीब साढ़े सात बजे नगर परिषद की पशु पकड़ गैंग और एक निजी संस्था के लोगों ने सांड को काबू किया और रस्सों से बांधकर क्रेन के माध्यम से उसे भवानी तोप चौराहा स्थित पशु अस्पताल ले गए।
सांड का उत्पात देख लोगों ने नगर परिषद को सूचना दी। इसके बाद नगर परिषद की पशु पकड़ गैंग के दो कर्मचारी छोटी क्रेन लेकर पहुंचे, लेकिन उनके पास सांड को काबू करने के पूरे संसाधन व रस्से आदि नहीं थे। इसके बाद एक निजी संस्था के लोग पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद सांड को काबू किया जा सका। काले-सफेद रंग के सांड के मुंह से लार गिर रही थी। अपने सामने कोई भी व्यक्ति और वाहन को देख सांड आक्रोशित हो रहा था और उसे मारने के लिए दौड़ रहा था। उत्पाती सांड को सड़क पर दौड़ता देख ट्रैफिक जाम हो गया।
उधर, नगर परिषद सभापति बीना गुप्ता कहना है कि उत्पाती सांड की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने पशु पकड़ गैंग के प्रभारी एईएन राजकुमार सैनी को फोन दिया। उन्होंने बताया कि पशु पकड़ गैंग के कर्मचारियों की चुनाव में ड्यूटी लगी है। फिलहाल दो ही कर्मचारी है, जिन्हें उत्पाती सांड को पकडऩे भेजा गया था।