कोटा. कैथूनीपोल थाना क्षेत्र स्थित गढ़ पैलेस के राव माधो सिंह म्यूजियम स्थित दरबार हॉल गैलेरी में 26 फरवरी की रात चोरी हुई प्राचीन व अत्यंत दुर्लभ कलाकृतियां के मामले का खुलाया पुलिस ने 10 दिन बाद गुरुवार को कर दिया। पुलिस ने इस मामले में अंतरराज्यीय गिरोह के 2 चोरों को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को कोटा लाकर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों आरोपियों को 7 दिन के पुलिस रिमाण्ड पर सौंपा है। इस गैंग में कुछ और बदमाश भी शामिल हो सकते हैं। इस बारें में पुलिस अनुसंधान कर रही है।
शहर पुलिस अधीक्षक शरद चौधरी ने बताया कि चोरी के मामले में उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद लोनी बोर्डर थाना क्षेत्र के सरस्वती बिहार निवासी अचिन (24) व गाजियाबाद हाल नई दिल्ली के अशोक नगर निवासी प्रभात पांचाल (27) को गिरफ्तार किया गया है। दोनों ही आरोपी अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े हैं। पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को गाजियाबाद से 7 मार्च को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों से कुछ प्राचीन व दुर्लभ कलाकृतियां बरामद की गई हैं। आरोपी प्रभात के खिलाफ गाजियाबाद के लोनी कोतवाली में 2 मुकदमें दर्ज हैं।
45 सदस्योंं की टीम ने 4 सौ से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाले
चोरी की इस वारदात को एसपी ने गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रवीण जैन, पुलिस उप अधीक्षक हर्षराज सिंह खरेड़ा, पुलिस उप अधीक्षक अमर सिंह राठौर के निर्देशन व सुपरविजन में कैथूनीपोल थानाधिकारी विनोद कुमार, डीएसटी प्रभारी नीरज, साइबर सेल प्रभारी प्रताप सिंह सहित 45 अनुभवी सदस्यों की टीम का गठन किया। टीम ने आरोपियों को पकडऩे के लिए 4 सौ से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। पुलिस ने अज्ञात चोरों को गिरफ्तार कराने व सही सूचना देने पर प्रत्येक आरोपियों पर 5-5 हजार रुपए पुरस्कार दिए जाने की घोषणा भी की थी।
कड़ी से कड़ी जोड़ी, तीन दिन बाद लगा सुराग
टीम को सीसीटीवी फुटेज से 3 दिन बाद सुराग हाथ लगा। इसमें 3 सन्दिग्ध लोगों के होने पता चला। टीम ने वारदात स्थल गढ़ पैलेस म्यूजियम, रेलवे स्टेशन, बस स्टैण्ड, गढ़ पैलेस से कैथूनीपोल पोल, सूरजपोल से सीएडी सर्किल, गुमानपुरा एवं अन्य स्थानों के करीब 2 सौ मकानों व दुकानों पर सीसीटीवी कैमरों को देखा। अभय कमाण्ड सेन्टर के सीसीटीवी कैमरों की कई घण्टों तक रिकॉर्डिंग देखी। कैमरों में आए फुटेज से तीन व्यक्तियों द्वारा वारदात से पहले गढ़ पैलेस परिसर की रैकी करना तथा चोरी करना पाया गया। टीम ने कोटा से दिल्ली तक आरोपियों को ट्रेस किया। आरोपियों की लोकेशन उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद आई। पुलिस की एक टीम गाजियाबाद गई। मुजफ्फर नगर से लगातार पीछा करते हुए दोनों आरोपियों को गाजियाबाद में धर दबोचा।
26 फरवरी की रात हुई थी चोरी
राव माधो सिंह म्यूजियम के क्यूरेटर आशुतोष दाधीच ने कैथूनीपोल पुलिस थाने में रिपार्ट दी थी कि गढ़ पैलेस में राव माधो सिंह म्यूजियम स्थित दरबार हाल गैलेरी (अखाड़े का महल) में 26 फरवरी की रात गार्ड हीरेन्द्र सिंह व जगदीश सौलंकी सुरक्षा निगरानी में थे। दोनों गार्ड दे रात म्यूजियम में राजमहल परिसर में सो गए। रात साढ़े 12 बजे करीब दो व्यक्ति राजमहल चौक की दीवार फांद कर प्रवेश किया। दोनों ने दरबार हाल म्यूजियम के ताले तोडकऱ दो शोकेश मे रखी प्राचीन कलाकृतियों के अत्यंत दुर्लभ व अमूल्य चांदी एवं गोल्ड पॉलिश किए सामान थैले में भरकर ले गए। चोरी की वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।