
शहडोल. मालदीव, लक्षद्वीप आइलैंड और खंडवा के हनुमंतिया जैसा पर्यटन स्थल अब बाणसागर डूब प्रभावित क्षेत्र सरसी में भी बनकर तैयार है। लगभग 15 एकड़ में फैले सरसी आइलैंड के चारो तरफ दूर-दूर तक पानी ही पानी नजर आता है। पर्यटक यहां रुककर जलक्रीड़ा का पूरा लुत्फ उठा सकते हैं। प्रकृति के गोद में बने इस पर्यटन स्थल को और विकसित करने व सुविधाओं में विस्तार की भी कार्ययोजना बनाई जा रही है, जिससे कि यहां आने वाले पर्यटक इसका पूरा आनंद ले सकें। जिला मुख्यालय से लगभग 140 किमी दूर सरसी आईलैंड का क्षेत्र प्राकृतिक सौंदर्यता से भरपूर है। यहां पर्यटक परिवार सहित यहां आएं और रुककर प्रकृति की सुंदरता का लुत्फ उठाएं इसके लिए समुचित व्यवस्थाएं की गई हंै। आने वाले समय में यह और भी विकसित और व्यवस्थित हो इस दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
दो घाट तैयार, तीसरा प्रस्तावित
सरसी आईलैंड रिजार्ट एक टापू में लगभग 15 एकड़ में फैला हुआ है। चारो तरफ पानी ही पानी है और यहां तक पहुंचने के लिए बोट से लगभग 3-5 किमी की दूरी तय करनी पड़ती है। इसके लिए दो घाट मार्कण्डेय और इटमा प्रारंभ हैं वहीं सरसी घाट अभी प्रस्तावित है। रीवा, सतना, मैहर सहित आस-पास के क्षेत्र के पर्यटक मार्कण्डेय घाट से सरसी आइलैंड तक आसानी से पहुंच सकते हैं। वहीं शहडोल, उमरिया व कटनी सहित अन्य क्षेत्र के पर्यटकों के लिए इटमा घाट से पहुंच मार्ग तैयार किया गया है।
15 एकड़ भूमि रिक्त, बढ़ेंगी सुविधाएं
सरसी आइलैंड का कुल खेत्रफल लगभग 30 एकड़ है। इसमें से 15 एकड़ में निर्माण कार्य हो चुका है, जबकि 15 एकड़ क्षेत्रफल अभी रिक्त पड़ा है। यहां आने वाले समय में अन्य सुविधाओं का विस्तार करने की कार्ययोजना है। हाल ही में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल सरसी आईलैंड पहुंचे हुए थे। उन्होंने हेलीपैड निर्माण के लिए भूमि चिन्हित करने और आइलैंड क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का और विस्तार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होने कहा है कि विंध्य क्षेत्र के अमरकंटक, बांधवगढ़, मैहर, मुकुंदपुर टाइगर सफारी जैसे अन्य पर्यटन स्थल में आने वाले पर्यटक भी यहां पहुंचे और प्राकृतिक सुंदरता का आनंद उठाए इसके लिए आवागमन सुगम बनाएं।
बोटिंग के साथ देखेंगे प्रकृति का अद्भुत नजारा
सरसी आइलैंड में पर्यटक प्रकृति की सुंदरता के साथ ही बोटिंग का लुत्फ उठा सकेंगे। यहां पर्यटकों के लिए 10 अतिथि कक्ष, रेस्टोरेंट, जिम, कॉन्फ्रेस हॉल, लाइब्रेरी, बच्चों के लिए पार्क, एडवेंचर, स्पोट्र्स एक्टिविटी की समुचित सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके अलावा स्पीड बोटिंग व डेस्टिनेशन वेडिंग की सुविधा भी है। दूर-दूर तक फैले प्रकृति के अद्भुत नजारे का लुत्फ उठाने के लिए वॉच टॉवर बनाया गया है साथ ही स्पीड बोटिंग की मदद से जल क्रीड़ा का आनंद भी पर्यटक ले सकेंगे।
टाइगर रिजर्व से कनेक्टिविटी के होंगे प्रयास
ब्यौहारी विधायक शरद कोल का कहना है कि सरसी आइलैंड में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। यहां सुविधाओं के विस्तार के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। हमारा प्रयास है कि बांधवगढ़ नेशनल पार्क, सरसी आईलैंड व संजय टाइगर रिजर्व के बीच कनेक्टिविटी हो तो पर्यटन को और सुविधा मिलेगा। पयर्टक जंगल सफारी के बाद बोटिंग का भी लुत्फ उठा सकेंगे। इससे क्षेत्र के विकास के साथ ही यहां रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। सरसी आईलैंड में स्पोट्र्स एक्टिविटी के साथ ही एडवेंचर को लेकर सुविधाओं में विस्तार हो इसके लिए भी प्रयास हो रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का 17 सितंबर को शहडोल दौरा प्रस्तावित है। यहां वह सरसी आईलैंड का भी निरीक्षण करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे से सरसी आइलैंड मे संसाधन व सुविधाओं के विस्तार की अपार संभावनाएं है।
Published on:
13 Sept 2024 12:05 pm
बड़ी खबरें
View Allखास खबर
ट्रेंडिंग
