
देेश में कोरोना की दूसरी लहर तेजी से फैल रही है। कोरोना के मामलों में अचानक से वृद्धि हो गई है। खिलाड़ी भी इससे अछूते नहीं हैं। आईपीएल में खेल रहे कई क्रिकेटरों को कोरोना संक्रमण हो चुका है। अब साल 2010 में दिल्ली में खेले गए राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता कृष्णा पूनिया भी कोरोना वायरस से संक्रमित हो गई हैं। बता दें कि कृष्णा पूनिया फिलहाल राजनीति में सक्रिय हैं और राजस्थान से विधायक हैं। रविवार को कृष्णा पूनिया कोरोना पॉजिटिव पाई गई और इसके बाद उन्हें इलाज के लिए जयपुर के आरयूएचएस अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कॉमनवेल्थ गेम्स में जीता गोल्ड मेडल
बता दें कि कृष्णा पूनिया चक्का फेंक स्पर्धा की खिलाड़ी रही हैं। उन्होंने साल 2010 में दिल्ली में आयोजित हुए कॉमन वेल्थ गेम्स में चक्का फेंक स्पर्धा का खिताब जीता। राष्ट्रमंडल खेलों में व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीतने वाली वह पहली भारतीय महिला बनीं। बता दें कि पूनिया वर्तमान में राजस्थान के सादुलपुर सीट से कांग्रेस की विधायक हैं। कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद पूनिया ने लोगों को इसकी जानकारी देते हुए कहा कि जो भी लोग पिछले कुछ दिनों में उनके संपर्क में आए हैं, वे अपनी जांच करा लें।
सीटी स्कैन से पता चला संक्रमण का
कृष्णा पूनिया के पति वीरेंदर पूनिया ने जानकारी देते हुए बताया कि कृष्णा को हल्का बुखार और खांसी थी। इसके बाद शनिवार को उनका कोरोना टेस्ट कराया गया। हालांकि उनके कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट नेगेटिव आई। इसके बाद रविवार को जयपुर के आरएचयूएस में डॉक्टरों ने उनका सीटी स्कैन किया। सीटी स्कैन में कोविड 19 का पता चला। इसके बाद उन्हें अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया।
हाल ही लगवाया था कोरोना का पहला टीका
कृष्णा पूनिया ने भी रविवार को ट्वीट कर अपने संक्रमित होने की जानकारी दी। उन्होंने ट्वीट में लिखा कि जयपुर के अस्पताल में टेस्ट व सीटी स्कैन करवाने पर पता चला कि वे कोरोना पॉजिटिव हैंूं। साथ ही उन्होंने उन लोगों से भी अपना टेस्ट करवाने की अपील की जो पिछले कुछ दिनों में उनके संपर्क में आए हैं। वहीं पूनिया के पति वीरेंदर ने जानकारी देते हुए बताया कि कृष्णा अब ठीक महसूस कर रही हैं। फिलहाल चिकित्सकों ने उन्हें कुछ दिन अस्पताल में ही रहने की सलाह दी है। उन्होंने यह भी बताया कि कृष्णा ने शुक्रवार को ही कोविड.19 का पहला टीका लगवाया था। बता दें कि कृष्णा पूनिया के पति वीरेंदर भी कुछ माह पहले कोरोना संक्रमित हो गए थे।
Published on:
19 Apr 2021, 12:04 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.