
hockey world cup 2023 ओडिशा में खेले जा रहे हॉकी वर्ल्ड कप 2023 का ग्रुप स्टेज खत्म हो गया है। 16 टीमों में से चार टीमें टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी हैं और चार टीम क्वार्टर फाइनल में जगह बना चुकी हैं। ऑस्ट्रेलिया, बेल्जियम, नीदरलैंड और इंग्लैंड क्वार्टर फाइनल में पहुँच चुकी हैं। वहीं अन्य 4 टीम क्रॉसओवर के माध्यम से तय की जाएंगी। क्रॉसओवर का पहला मुक़ाबला शाम 4.30 बजे मलयेशिया और स्पेन के बीच खला जाएगा। वहीं दूसरा मुक़ाबला भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा।
दोनों टीमों के लिए यह मैच 'करो या मारो' मैच है। भारत के लिए हॉकी वर्ल्ड कप 2023 का सफर अबतक अच्छा रहा है। भारत ने ग्रुप मैच में अपना अभियान स्पेन के खिलाफ 2-0 की जीत के साथ शुरू किया था, पांचवीं रैंकिंग की इंग्लैंड के साथ गोलरहित ड्रा खेला था और आखिरी मैच में वेल्स को 4-2 से हराया था। भारत के पूल डी में इंग्लैंड के बराबर सात अंक रहे लेकिन गोल औसत में पिछड़कर वह दूसरे स्थान पर रहा।
दूसरी तरफ न्यूजीलैंड पूल सी में तीसरे स्थान पर रहा। उसे मलेशिया से 2-3 से चौंकाने वाली हार का सामना करना पड़ा। वे नीदरलैंड्स से भी 0-4 से हारे। न्यूजीलैंड ने पांच गोल किये और आठ खाये। उसकी एक जीत चिली के खिलाफ आयी। वर्ल्ड कप में दोनों देशों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिलती है।
वर्ल्ड कप में भारत और न्यूजीलैंड के बीच कुल छह मैच हुए हैं। इनमें से तीन में भारत को जीत मिली है, जबकि दो न्यूजीलैंड के नाम रहे हैं। एक मुकाबला बराबरी पर खत्म हुआ। दोनों टीमों के बीच कुल 44 मैच हो चुके हैं। इनमें से 24 मैच भारत जीता है और 15 मैच न्यूजीलैंड जीता है। पांच मैच ड्रॉ रहे हैं।
लेकिन न्यूजीलैंड को कम नहीं आंका जा सकता। न्यूजीलैंड विश्वकप के सेमीफाइनल में नहीं पहुंचा है और इस बार वह ऐसा करना चाहेगा। न्यूजीलैंड के डिफेंडर ब्लेयर टैरेंट, मिडफील्डर निक रॉस और फॉरवर्ड साइमन चाइल्ड मैच का नतीजा कभी भी बदल सकते हैं।
Published on:
22 Jan 2023 01:59 pm
