
gonjalo
नई दिल्ली. भारत की मेजबानी में लगातार दूसरी बार खेले जाने वाले एफआइएच हॉकी विश्व कप में अर्जेंटीना के दो खिलाड़ी गोंजालो पिलेट और जोएकिन मिनेनी अपने देश के लिए कई बड़े टूर्नामेंट में शिरकत कर चुके हैं। लेकिन इस विश्व कप में ये खिलाड़ी अर्जेंटीना नहीं बल्कि किसी और देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए उतरेंगे। ऐसे में अपनी नई टीमों के खिलाफ इन दोनों अनुभवी खिलाडिय़ों के प्रदर्शन पर सभी की नजरें रहेंगी।
2016 ओलंपिक में टॉप स्कोरर रहे और अर्जेंटीना को स्वर्ण दिलाया
30 वर्षीय गोंजालो 2014 हॉकी विश्व कप में कांस्य पदक जीतने वाली अर्जेंटीना टीम के सदस्य रह चुके हैं। करीब चार साल पहले उनके अर्जेंटीना टीम के हॉकी कोच जर्मन रोजको के साथ मतभेद हो गए थे। दोनों के विवाद बढ़ गया और आखिरकार जनवरी 2019 में गोंजालो ने अर्जेंटीना टीम ही नहीं बल्कि देश छोडऩे का फैसला कर लिया। गोंजालो ने 2016 ओलंपिक खेलों में 11 गोल दागे थे और टीम को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी।
3 साल के ब्रेक के बाद जर्मनी संग नाता जोड़ा
अर्जेंटीना की टीम छोडऩे के बाद गोंजालो करीब तीन साल तक अंतरराष्ट्रीय हॉकी से दूर रहे। हालांकि इस बीच वह क्लब हॉकी खेलते रहे। फरवरी 2022 में गोंजालो को जर्मनी की नागरिकता मिल गई। इसके बाद, जर्मन हॉकी टीम के राष्ट्रीय कोच आंद्रे हेनिंग ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी फेडरेशन से गोंजालो को उनके देश से खेलने के लिए गुजारिश की। 2022 में खेला पहला मैच : अंतरराष्ट्रीय हॉकी फेडरेशन से अनुमति मिलने के बाद गोंजालो ने मार्च 2022 में जर्मनी की टीम के लिए पदार्पण किया।
दमदार रहा प्रदर्शन :
153 : मैच अर्जेंटीना के लिए खेले और 176 गोल किए
02 : मैच अब तक जर्मनी के लिए खेले और दो गोल दागे
2016 : ओलंपिक खेलों में अर्जेंटीना को चैंपियन बनाया
11 : गोल ओलंपिक में दागे और टॉप स्कोरर रहे
ओलंपिक चैंपियन जोएकिन ने स्पेन को चुना
31 वर्षीय अनुभवी फॉरवर्ड जोएकिन की कहानी गोंजालो से थोड़ी अलग है। 2016 ओलंपिक खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली अर्जेंटीना टीम के सदस्य रहे जोएकिम के पास स्पेन और अर्जेंटीना का पासपोर्ट था। फरवरी 2022 में उन्होंने अर्जेंटीना से नाता तोड़कर स्पेन के लिए खेलने का फैसला किया। जोएकिम भी गोंजालों के साथ ओलंपिक ही नहीं बल्कि 2014 विश्व कप में कांस्य जीतने वाली अर्जेंटीना टीम का हिस्सा थे।
फरवरी में पदार्पण : स्पेन से जुडऩे के बाद जोएकिम ने अपना पहला मुकाबला चार फरवरी 2022 को इंग्लैंड के खिलाफ खेला।
प्रदर्शन पर एक नजर
2016 : ओलंपिक चैंपियन टीम का हिस्सा रहे जोएकिन
2014 : विश्व कप में कांस्य पदक भी अर्जेंटीना को दिलाया
110 : मैच अर्जेंटीना और दो मैच स्पेन के लिए अब तक खेले
Published on:
11 Jan 2023 03:43 pm

बड़ी खबरें
View Allखेल
ट्रेंडिंग
