
Independence Day 2021: देश आज 75वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। वहीं लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में टोक्यो ओलंपिक में हिस्सा लेने वाले भारतीय दल को भी आमंत्रित किया गया। पीएम मोदी ने लाल किले की प्राचीर से दिए अपने भाषण में टोक्यो ओलंपिक में मेडल लाकर देश का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों की प्रशंसा की और उनके तालियां बजवाकर सम्मान भी किया।
ओलंपिक मेडलिस्ट सहित 240 ओलंपियन कार्यक्रमें रहे मौजूद
स्वतंत्रता दिवस के इस कार्यक्रम में टोक्यो ओलंपिक में मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों सहित करीब 240 ओलिंपियन, सहयोगी स्टाफ और साई तथा खेल महासंघ के अधिकारियों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया। खिलाड़ी इंडिया का ब्लेजर पहनकर कार्यक्रम में पहुंचे। सभी इस कार्यक्रम में उपस्थित होकर काफी उत्साहित लग रहे थे।
पीएम मोदी ने तालियां बजवाकर किया सम्मान
पीएम मोदी ने लाल किले से दिए अपने भाषण में टोक्यो ओलंपिक में देश का गौरव बढ़ाने वाले भारतीय खिलाड़ियों की तारीफ की। उन्होंने कहा कि ओलंपिक में पदक जीकर खिलाड़ियों ने देश का सम्मान बढ़ाया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों ने देश के युवाओं को प्रेरित भी किया है। साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने टोक्यो ओलंपिक में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के सम्मान में तालियां बजाईं और सभी से इनके सम्मान में तालियां बजाने को कहा।
नया अनुभव: नीरज चोपड़ा
स्वतंत्रता दिवस समारोह के कार्यक्रम में शामिल होने से जाने से पहले गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा ने कहा कि, 'हम पहले टीवी पर ध्वजारोहण देखते थे, आज हम सामने से देख सकेंगे, यह हमारे लिए नया अनुभव है। हमने लंबे समय से एकल खेल में गोल्ड मेडल नहीं जीता था। मैंने इस बार जीता और मुझे खुशी है कि देश को मेरी वजह से गर्व महसूस हो रहा है।'
पीएम मोदी करेंगे ओलंपिक खिलाड़ियों से मुलाकात
पीएम मोदी भी टोक्यो ओलंपिक 2020 के भारतीय दल से 16 अगस्त को सुबह साढ़े नौ बजे पीएम आवास पर मुलाकात करेंगे। वहीं पीएम मोदी 17 अगस्त को पैरालंपिक के खिलाड़ियों के साथ भी बातचीत करेंगे। पैरालंपिक में 54 पैरा एथलीट हिस्सा लेंगे।इससे पहले शनिवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने टोक्यो ओलंपिक में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों से राष्ट्रपति भवन में मुलाकात की।
Published on:
15 Aug 2021 08:49 am
बड़ी खबरें
View Allखेल
ट्रेंडिंग
T20 वर्ल्ड कप
