
Rohit Sharma(Image-X/@mipaltan)
IPL 2026: मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में रविवार को रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेले गए इस मैच में रोमांच, रन और रिकॉर्ड, तीनों की भरमार रही। आखिरकार बाजी मुंबई ने मारी, लेकिन कहानी सिर्फ जीत की नहीं, एक ऐतिहासिक रन चेज की भी है। मुंबई इंडियंस ने 221 रनों के बड़े लक्ष्य को 6 विकेट रहते हासिल कर लिया। ये सिर्फ एक जीत नहीं थी, बल्कि आईपीएल इतिहास का उनका सबसे बड़ा सफल रन चेज भी बन गया। खास बात ये रही कि इस जीत के साथ मुंबई का वो 14 साल पुराना ‘पहला मैच हारने’ वाला सिलसिला भी खत्म हो गया।
221 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई की शुरुआत किसी सपने जैसी रही। रोहित शर्मा और रेयान रिकेल्टन ने शुरुआत से ही गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। दोनों ने मिलकर सिर्फ 5 ओवर में ही टीम को 50 के पार पहुंचा दिया। रोहित शर्मा खास अंदाज में दिखे। चौके-छक्कों की बारिश करते हुए उन्होंने महज 23 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर लिया। जब वो आउट हुए, तब तक मैच काफी हद तक मुंबई की पकड़ में आ चुका था। उन्होंने 38 गेंदों पर 78 रन बनाए। एक ऐसी पारी जिसने मैच का रुख ही बदल दिया।
दूसरे छोर पर रेयान रिकेल्टन भी कम नहीं थे। उन्होंने 43 गेंदों में 81 रन ठोक दिए, जिसमें 8 छक्के शामिल थे। उनकी पारी ने मुंबई को लक्ष्य के बेहद करीब पहुंचा दिया। बीच में सूर्यकुमार यादव थोड़ी देर टिके, लेकिन बड़ी पारी नहीं खेल पाए। आखिरकार मुंबई ने 20वें ओवर की पहली ही गेंद पर जीत हासिल कर ली।
पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स ने भी शानदार प्रदर्शन किया। कप्तान अजिंक्य रहाणे और फिन एलन ने तेज शुरुआत दी। एलन ने सिर्फ 17 गेंदों में 37 रन बना दिए। रहाणे ने कप्तानी पारी खेलते हुए 27 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और कुल 67 रन बनाए। हालांकि, उन्हें शार्दुल ठाकुर ने आउट किया, जो केकेआर के लिए बड़ा झटका था।
इसके बाद अंगकृष रघुवंशी और रिंकू सिंह ने पारी को आगे बढ़ाया। रघुवंशी ने 29 गेंदों में 51 रन बनाए, जबकि रिंकू सिंह ने 21 गेंदों में नाबाद 33 रन जोड़े। इन पारियों की बदौलत केकेआर ने 20 ओवर में 221 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
Published on:
29 Mar 2026 11:51 pm
बड़ी खबरें
View Allखेल
ट्रेंडिंग
T20 वर्ल्ड कप
IPL 2026
