3 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

मोहाली टेस्ट: ‘अंग्रेजों’ पर मंडराने लगा हार का खतरा, जडेजा के बल्ले तो अश्विन की स्पिन का चला ‘जादू’

मैच का तीसरा दिन पूरी तरह जडेजा और अश्विन के नाम रहा। जडेजा और अश्विन(72) ने सातवें विकेट के लिए 97 रन की साझेदारी की।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

बांदा

•

image

Nakul Devarshi

•

Updated: 28 Nov 2016, 4:55 PM IST

आलराउंडर रवींद्र जडेजा (90) की सर्वश्रेष्ठ पारी और आफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन के तीन झटकों से भारत ने इंग्लैंड पर तीसरे क्रिकेट टेस्ट के तीसरे ही दिन सोमवार को अपना शिकंजा कस दिया। भारत से पहली पारी में 134 रन से पिछड़े इंग्लैंड ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक अपने चार विकेट मात्र 78 रन पर गंवा दिए।

अश्विन ने इन चार विकेटों में से तीन विकेट झटके जबकि एक अन्य विकेट दूसरे आफ स्पिनर जयंत यादव ने लिया। इंग्लैंड अभी भारत की बढ़त से 56 रन पीछे हैं और उसके छह विकेट बाकी है। इंग्लैंड पर इस मैच में हार का खतरा मंडराने लगा है।

मैच का तीसरा दिन पूरी तरह जडेजा और अश्विन के नाम रहा। जडेजा और अश्विन(72) ने सातवें विकेट के लिए 97 रन की साझेदारी की। जडेजा ने फिर जयंत यादव (55) के साथ आठवें विकेट के लिये 80 रन जोड़े। जडेजा ने अपने करियर का तीसरा अर्धशतक और सर्वश्रेष्ठ स्कोर बनाते हुये 170 गेंदों पर 90 रन में 10 चौक और एक छक्का लगाया।

इंग्लैंड को दूसरी पारी में अश्विन ने मेहमान टीम को तीन झटके दे दिये। अश्विन ने इंग्लैंड के कप्तान एलेस्टेयर कुक (12) को एक बेहतरीन गेंद पर बोल्ड किया और फिर मोइन अली (पांच) को अपनी फ्लाइट से छकाते हुये जयंत यादव को कैच देने के लिये मजबूर कर दिया। तीसरा विकेट जॉनी बेयरस्टो(15) का गिरा जिन्होंने पहली पारी में 89 रन बनाए थे।

जयंत यादव ने पहली पारी की तरह दूसरी पारी में भी बेयरस्टो का विकेट झटका। बेयरस्टो का कैच विकेटकीपर पार्थिव पटेल ने लपक लिया। इंग्लैंड को चौथा झटका अश्विन ने दिन की समाप्ति से पहले दे दिया जब उन्होंने बेन स्टोक्स (पांच) को पगबाधा कर दिया। अंपायर ने स्टोक्स को नॉटआउट करार दिया था लेकिन भारत ने डीआरएस मांगा और स्टोक्स आउट करार दिये गये।

इन चार झटकों ने इंग्लैंड की हालत नाजुक कर दी है। स्टम्प्स के समय जो रूट 101 गेंदों में दो चौकों की मदद से 36 रन और नाइट वाचमैन गैरेथ बैटी खाता खोले बिना क्रीज पर हैं। अश्विन ने 12 ओवर में 19 रन देकर तीन विकेट निकाले जबकि जयंत यादव ने छह ओवर में 12 रन पर एक विकेट लिया।