
नीरज चोपड़ा (फोटो- IANS)
Neeraj Chopra Season Best Throw: भारत के स्टार जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा का लुसाने डायमंड लीग 2026 के खिताब से सिर्फ 0.09 मीटर चूक गए। नीरज ने इस सीजन का अपना बेस्ट थ्रो किया, लेकिन इसके बावजूद वह दूसरे स्थान पर रहे। श्रीलंका के रुमेश थरंगा ने एक बार फिर सबको पछाड़ते हुए 88.14 मीटर के थ्रो के साथ खिताब अपने नाम किया। वहीं, ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स काफी लंबे समय बाद टॉप 3 में जगह बनाने में सफल रहे और 86.69 मीटर थ्रो के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।
नीरज चोपड़ा के लिए मुकाबले की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और वह अपने पहले प्रयास में 83.54 मीटर का ही थ्रो कर सके। वहीं, श्रीलंका के रुमेश थरंगा पथिरागे ने पहले प्रयास में ही जेवलिन को 85.99 मीटर दूर फेंकते हुए पहले नंबर पर पहुंच गए। हालांकि, दूसरे प्रयास में नीरज ने जबरदस्त वापसी की और 88.05 मीटर का थ्रो करके पहला स्थान हासिल कर लिया। यह इस सीजन का उनका सबसे बेस्ट थ्रो भी रहा। वहीं, रुमेश दूसरे प्रयास में 87.06 मीटर का थ्रो ही कर सके।
भारतीय एथलीट का तीसरा प्रयास उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा और उन्होंने 83.72 मीटर का थ्रो किया। हालांकि, श्रीलंकाई खिलाड़ी रुमेश ने तीसरे प्रयास में 88.14 मीटर के थ्रो के साथ एक बार फिर पहला स्थान हासिल कर लिया। नीरज अपने चौथे प्रयास में फाउल कर बैठे, जबकि रुमेश का थ्रो भी ज्यादा दूरी तय नहीं कर सका। नीरज ने अपने पांचवें प्रयास में थ्रो नहीं किया, जबकि छठे प्रयास में वह 82.15 मीटर का ही थ्रो कर सके। वहीं, रुमेश अपने पांचवें और छठे प्रयास में फाउल कर बैठे। हालांकि, रुमेश का तीसरा थ्रो उनके लिए निर्णायक साबित हुआ।
इससे पहले, नीरज चोपड़ा ने स्कॉटलैंड के ग्लासगो में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में 85.83 मीटर के थ्रो के साथ सिल्वर मेडल अपने नाम किया था। हालांकि, इस टूर्नामेंट में भी नीरज अपनी सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में दिखाई नहीं दिए थे। नीरज ने माना था कि इंजरी से लौटने के कारण उनके प्रदर्शन में गिरावट आई। वहीं, कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में श्रीलंका के रुमेश ने 89.75 मीटर के थ्रो के साथ गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया था।
Updated on:
22 Aug 2026 07:28 am
Published on:
22 Aug 2026 07:28 am
