
प्रो पंजा लीग में कोच्चि केडीज का विजयी आगाज, किराक हैदराबाद की शानदार वापसी।
Pro Panja League : प्रो पंजा लीग के उद्घाटन सीजन के तीसरे दिन रविवार को नई दिल्ली के आईजीआई स्टेडियम में किराक हैदराबाद और कोच्चि केडीज टीमों ने शानदार जीत हासिल की। भारत के शीर्ष पोलो खिलाड़ी अंगद कलान भी तीसरे दिन उपस्थित थे और एक्शन से भरपूर मैचों को देखकर रोमांचित थे। इस मौके पर अंगद ने कहा कि हम सभी ने बचपन में पंजा खेला है और अब जब एक पेशेवर लीग है, तो मैं इसे लेकर वास्तव में उत्साहित हूं। मुझे यह माहौल बहुत पसंद आया। खिलाड़ियों को अपना सब कुछ देते हुए देखना बहुत रोमांचकारी है।
पहले मैच में हैदराबाद ने नाटकीय वापसी की। अंडरकार्ड मुकाबलों के बाद यह टीम 1-2 से पीछे चल रही थी। इस मैच में एमडी हाशिम और आशा कुमार ने बड़ौदा बादशाह्स के लिए 2 अंक जीते। उज्जवल अग्रवाल ने किराक के लिए एकमात्र अंक अर्जित किया। मेन कार्ड में किराक के धीरज सिंह को 80 किग्रा मुकाबले में बड़ौदा के अफसल टीपी से भिड़ते हुए देखा गया। धीरज ने सीधे राउंड में मुकाबला जीतकर हैदराबाद के लिए दो बोनस अंक अर्जित करके अपनी टीम को खुशी मनाने का मौका दिया।
किराक हैदराबाद ने 12-5 से मैच जीता
इसके बाद, 60 किग्रा भार वर्ग के मुकाबले में हैदराबाद के नवीन एमवी का मुकाबला बड़ौदा के मोनू थॉमस से हुआ। मोनू को हुक में पकड़कर, नवीन ने पहले राउंड को जीतने के लिए शानदार शक्ति दिखाई, और फिर दूसरे राउंड को जीतने के लिए टॉप-आर्म रोल ओवर किया। नवीन ने तीसरा राउंड जीतकर हैदराबाद के लिए दो और बोनस अंक अर्जित किए। किराक हैदराबाद के स्थानीय तेलंगाना खिलाड़ी अहमद फैज़ान अली का 100 किग्रा वर्ग में बड़ौदा बादशाह्स के शमीर खान के साथ मैच के अंतिम मुकाबले में सामना हुआ। 43 वर्षीय शमीर ने अपने दशकों के अनुभव का इस्तेमाल करते हुए 26 वर्षीय अहमद पर जीत हासिल की और मुकाबला 3-1 से जीत लिया। इस तरह किराक हैदराबाद ने 12-5 से मैच जीत लिया।
कोच्चि केडीज ने 15-13 से हासिल की जीत
दूसरे मैच में, कोच्चि केडीज को अंडरकार्ड में फायदा हुआ, जिसमें स्वेता राजावत और प्रसेनजीत पात्रा ने 2 अंक जीते। अमल दास ने रोहतक के लिए एक अंक जीता। मेन कार्ड में, रोहतक के कारज सिंह को कोच्चि के सिद्धांत कथूरिया के खिलाफ 90 किग्रा के रोमांचक मुकाबले में सामना करना पड़ा जो नाटकीय रूप से पांचवें राउंड में चला गया। हर स्टेज में उतार-चढ़ाव के साथ करज बनाम सिद्धांत सीजन का अब तक का सबसे रोमांचक मैच साबित हुआ। सिद्धांत ने कारज की गलती का भरपूर फायदा उठाते हुए मैराथन मुकाबला जीता और कोच्चि की बढ़त सुनिश्चित की।
इसके बाद, कोच्चि की चेतना शर्मा ने 65 किग्रा मुकाबले में रोहतक की आकृति कंडारी का सामना किया और 10 सेकंड की चुनौती को सफलतापूर्वक जारी करते हुए मुकाबले से 10 अंक जीते। अंतिम मुकाबले में, रोहतक के श्रीनिवास बीवी ने सफल चैलेंज राउंड के माध्यम से विशेष रूप से दिव्यांग वर्ग में कोच्चि के आसिफ अहमद पर क्लीन-स्वीप जीत हासिल की और 10 अंक अर्जित किए। इस तरह कोच्चि केडी ने यह मैच 15-13 से जीत लिया।
कहां देखें लाइव स्ट्रीमिंग
आज सोमवार 31 जुलाई को लुधियाना लायंस का मुकाबला कोच्चि केडीज से होगा और दूसरे मुकाबले में रोहतक राउडीज का मुकाबला मुंबई मसल से होगा। लाइव स्कोरकार्ड और रिजल्ट्स के लिए एंड्रॉइड और आईओएस पर प्ले स्टोर से प्रो पंजा लीग ऐप डाउनलोड करें। बता दें कि प्रो पंजा लीग सीजन 1 का आयोजन 28 जुलाई 2023 से 13 अगस्त 2023 के बीच हो रहा है। सोनी स्पोर्ट्स टेन 3 और सोनी स्पोर्ट्स टेन 3 एचडी पर इसे लाइव प्रसारित किया जाएगा और साथ ही इसे फैनकोड पर लाइवस्ट्रीम भी किया जाएगा।
Published on:
31 Jul 2023 08:56 am
बड़ी खबरें
View Allखेल
ट्रेंडिंग
