
सब क्रिटिकल थर्मल परिसर में लगी आग
--परियोजना की दमकलों ने मशक्कत से पाया काबू
सूरतगढ़ थर्मल(श्रीगंगानगर). सूरतगढ़ सब क्रिटिकल थर्मल परियोजना के कोल हैंडलिंग प्लांट के 5 नम्बर वैगन टिपलर व दक्षिणी दीवार के बीच खाली पड़ी भूमि में उगी झाडिय़ों व घास फूस में शनिवार दोपहर ढाई बजे अज्ञात कारणों से आग लग गई। इससे अफरा-तफरी मच गई।
दोपहर ढाई बजे के करीब पांच नम्बर वैगन टिपलर व परियोजना की दक्षिणी दीवार के बीच की खाली भूमि में उगे सूखे झाड़-झंखाड़ व सूखे घास फूस में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आसमान में उठते धुंए को देख कर कोल हैंडलिंग प्लांट में काम करने वाले ठेका श्रमिकों ने इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी। ठेका श्रमिकों की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे थर्मल के अधिकारियों व फायर फाइटर ने करीब एक किलोमीटर दायरे में फैली आग पर परियोजना की तीन दमकलों से करीब साढ़े तीन घण्टे की मशक्कत के बाद काबू पाया।
----------------------------------------
सुपर क्रिटिकल थर्मल तक पहुंची आग
दोपहर ढाई बजे के करीब लगी आग सूखी झाडिय़ों व घासफूस के कारण फैलते-फैलते सुपर क्रिटिकल परियोजना की दीवार के दूसरी तरफ रॉ वाटर डिग्गियों के पास सूखी झाडिय़ों तक पहुंच गई। इसे सुपर क्रिटिकल की दो दमकलों ने समय रहते बुझा दिया। वहीं करीब एक किलोमीटर दायरे की आग से परियोजना में रहने वाले वन्यजीवों को भी नुकसान पहुंचा है।
Published on:
07 Apr 2024 01:18 am
