
सूरतगढ़.
क्षेत्र में पंजाब से लाकर अवैध रूप से डीजल बेचने के गोरखधंधे का पर्दाफाश करते हुए सहायक पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने दो स्थानों पर दबिश देकर करीब 1500 लीटर डीजल बरामद किया। इसके अलावा उपकरण, ड्रम भी जब्त किए। इस सिलसिले में दो जनों को गिरफ्तार किया है। सहायक पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया कि क्षेत्र में पंजाब से लाकर यहां अवैध रुप से डीजल बेचने की सूचना मिली।
इसके आधार पर बुधवार दोपहर करीब ढ़ाई बजे मानकसर चौक स्थित एक दुकान पर दबिश दी, यहां अवैध रूप से डीजल बेचने के आरोप में काशीराम को पकड़ा। यहां से 1030 लीटर डीजल ड्रमों में बरामद किया। इसके अलावा नापने के यंत्र व हिसाब किताब भी जब्त किया। इसी तरह 15 एसजीआर के पास एक होटल पर दबिश दी, यहां भी हंसराज नामक व्यक्ति अवैध रुप से डीजल बेच रहा था। यहां से 440 लीटर डीजल व उपकरण बरामद हुए। दोनों स्थानों पर हुई कार्रवाई में सिटी व सदर पुलिस ने मामले दर्ज किए हैं।
डीजल चोरी के मामले में दो गिरफ्तार
राजियासर.
गत शनिवार को नेशनल हाइवे पर खड़े ट्रक से तीन सौ लीटर डीजल चोरी के मामले में पुलिस ने मंगलवार देर शाम दो जनों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मंगलवार शाम को पन्द्रह जेडब्ल्यूडी लखूवाली हैड जिला हनुमानगढ़ निवासी के मुगले आजम पुत्र भाग अली और 11 आरपी लखूवाली हैड के आलम हुसैन पुत्र मुन्सफ अली को मंगलवार देर शाम गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि मोकलसर निवासी ओम सिंह ने शनिवार को अज्ञात के खिलाफ दर्ज मामले में बताया कि वह सुबह चार बजे नेशनल हाइवे पर स्थित महादेव होटल के सामने ट्रोला खड़ा करके अपने घर चला गया। इस दौरान तीन चार अज्ञात लोग जायलो गाड़ी में सवार होकर आए। ट्रोले की तेल टंकी का ताला तोड़कर तीन सौ लीटर डीजल तेल निकाल कर ले गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने नाकाबंदी कराई तो आरोपी जायलो गाड़ी को 236 आरडी के नहर के पास गाड़ी को छोड़कर भाग गए। पुलिस ने गाड़ी व डीजल को जब्त कर लिया था।
Published on:
5 Apr 2018, 8:04 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.