वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद, पुलिस ने कराई नाकाबंदी
अनूपगढ़ (श्रीगंगानगर). स्टेट हाइवे नम्बर 94 पर शनिवार शाम को तीन बदमाश एक पेट्रोल पम्प पर सेल्समैन से 50 हजार रुपए की नकदी लूटकर ले गए। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कराई और बाइक सवार बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सूचना पर डीएसपी सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार अनूपगढ़- रामङ्क्षसहपुर मार्ग पर 68/2 जीबी गांव में स्थित तनुश्री पेट्रोल पंप पर शाम करीब साढ़े 6 बजे अनूपगढ़ की तरफ से तीन नकाबपोश युवक एक बिना नम्बर की बाइक में पेट्रोल भरवाने के लिए आए। इनमें से एक युवक लघुशंका के लिए पेट्रोल पम्प पर बने शौचालय की तरफ चला गया। दो युवकों ने सेल्समैन को बातों में लगा लिया। कुछ देर बाद उन्होंने बाइक में सेल्समैन से 200 रुपए का पेट्रोल डलवाया। इसी दौरान लघुशंका को गया तीसरा युवक सेल्समैन व अपने साथियों के पास आ गया। आरोपी ने सेल्समैन को उठाकर पीठ के बल नीचे गिरा दिया और उससे रुपए छीनकर बाइक पर बैठकर वहां से फरार हो गए।
सेल्समैन ने उनको पकडऩे का प्रयास किया लेकिन वे काफी दूर जा चुके थे। पेट्रोल पम्प कांग्रेस नेता एवं पूर्व पंचायत समिति प्रधान हरीराम मेघवाल के बेटे महेश मेघवाल का है।
मामले की सूचना मिलने पर रामङ्क्षसहपुर पुलिस थानाधिकारी दौलाराम मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कराई। सूचना मिलने पर डीएसपी जयदेव सिहाग मौके पर पहुंचे और पम्प तथा आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरे की रेकॉर्डिंग चेक की। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के रेकॉर्ड से हुलिए का मिलान कर रही है।
आरोपी रामङ्क्षसहपुर की तरफ से आए थे और वारदात कर श्रीबिजयनगर की तरफ भागे। पम्प संचालक महेश मेघवाल ने बताया कि लूट में दिनभर की बिक्री के रुपए चले गए।