
श्रीगंगानगर जिले की फल-सब्जी मंडियों में आज से नई व्यवस्था
श्रीगंगानगर. जिले की फल-सब्जी मंडियों में कोरोना वायरस से बने हालात के चलते नई व्यवस्था की गई है, यह रविवार से लागू होगी। पुलिस अधीक्षक हेमन्त शर्मा शनिवार को जिला मुख्यालय की फल-सब्जी मंडी पहुंचे, उन्होंने एवं कृषि विपणन विभाग के क्षेत्रीय संयुक्त निदेशक डीएल कालवा ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कई निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में एक महत्वपूर्ण निर्णय यह भी हुआ कि सामान्य किस्म के औसत थोक भाव तय किए जाएंगे, ये तीन दिन एक समान रहेंगे। इसके बाद फिर अगले तीन दिन के लिए भाव तय किए जाएंगे। इसकी वजह सब्जी उत्पादकों, खुदरा विक्रेताओं, आम उपभोक्ताओं के लिए भावों में व्यावहारिकता बनाए रखना है।
यह रहे औसत थोक भाव
श्रीगंगानगर की फल-सब्जी मंडी में शनिवार को सामान्य औसत किस्म के थोक भाव प्रति किलो इस प्रकार रहे-आलू 16 रुपए, प्याज नासिक 25, प्याज सीकर 18, बैंगन 10, मटर लोकल 20, टिण्डा 20, पत्ता गोभी 5, खीरा 12, निम्बू 20, भिण्डी 35, घीया-कद्दू 5, टमाटर 20, फूलगोभी 10, मूली 4, चपन कद्दू 8, पालक 8, धनिया 15, मैथी 10, तर 10, शिमला 30, लहसुन 70, चीकू 28, किन्नू 15, केला 15 से 22, तरबूज 14 रुपए प्रति किलो।
ये रहे मौजूद
कृषि उपज मंडी समिति (फल-सब्जी) के सचिव लाजपतराय खुराना, विपणन अधिकारी दीपक अग्रवाल, पर्यवेक्षक हेमराज गुरहानी, पुलिस उप अधीक्षक राहुल यादव, कोतवाली के थानाधिकारी गजेंद्रसिंह जोधा, यातायात पुलिस के थानाधिकारी कुलदीप चारण, थोक व्यापारियों- खुदरा विक्रेताओं के प्रतिनिधि गुरदयाल सिंह खनूजा, अजय गर्ग, प्रशांत कालड़ा, किशोरीलाल पचेरवाल, देशवीर सिंह गौड़ आदि बैठक में मौजूद थे।
यह हुए महत्वपूर्ण निर्णय
खुदरा विक्रेताओं को दोपहर 2 बजे से रात 9 बजे तक माल मिलेगा। एक समय में 50 से अधिक कृषक, फल-सब्जी विक्रेता मंडी प्रांगण में प्रवेश नहीं कर पाएंगे। थोक विक्रेता सुबह 6 बजे से 9 बजे तक सब्जियों की बिक्री सिर्फ फुटकर रेहड़ी विक्रेताओं को करेंगे। इसी तरह वे सुबह 10 बजे तक दोपहर 2 बजे फलों का विक्रय करेंगे। किसानों तथा अन्य स्थानों से आने वाले फल-सब्जी विक्रेताओं तथा फुटकर रेहड़ी विक्रेताओं के लिए आवक-जावक की व्यवस्था अलग गेट से रहेगी। श्रीगंगानगर में फल-सब्जी मंडी में शिव सर्किल वाले गेट से आ सकेंगे, जाने की व्यवस्था ब्लॉक एरिया वाले गेट की तरफ से रहेगी। जिले की अन्य मंडियां अपनी सुविधा के अनुसार आवक-जावक की व्यवस्था करेंगी।
पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी
मंडियों में व्यवस्था बनाए रखने के लिए पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। मंडी समितियां अपने स्तर पर टोकन जारी करेंगी। फुटकर रेहड़ी विक्रेता शहर में घूम-घूमकर बिक्री करेंगे। फल-सब्जी मंडी में आम उपभोक्ताओं को विक्रय नहीं किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक ने श्रीगंगानगर मंडी समिति को यह सुझाव भी दिया कि वह अपने स्तर पर रोजाना दस होमगार्ड की व्यवस्था करे।
Published on:
29 Mar 2020 02:11 am
बड़ी खबरें
View Allश्री गंगानगर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
