
पकड़ा गया ट्रक (फोटो-पत्रिका)
श्रीगंगानगर। जिले के लालगढ़ जाटान थाना क्षेत्र में ट्रक पलटने की घटना के बाद कथित गो तस्करी का मामला सामने आया है। गांव भागसर के पास बीती रात करीब 12 बजे एक संदिग्ध ट्रक अनियंत्रित होकर खेत के खाले में जा गिरा और पेड़ से टकरा गया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। घटना के समय आसपास के ग्रामीण और बजरंग दल के कार्यकर्ता ट्रक की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे। जोरदार टक्कर की आवाज सुनकर वे तुरंत मौके पर पहुंचे और ट्रक की तलाशी ली।
हरियाणा नंबर की ट्रक के भीतर ठूंस-ठूंसकर भरे गए गोवंश को देखकर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर लालगढ़ जाटान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को अपने कब्जे में लेकर उसमें मौजूद सभी गोवंश को सुरक्षित बाहर निकाला। बाद में इन सभी पशुओं को पास की गौशाला शिव गो सदन पहुंचाया गया।
पुलिस के अनुसार ट्रक से कुल 14 गोवंश बरामद हुए, जिनमें 13 नंदी और एक गाय शामिल हैं। इनमें से एक नंदी गंभीर रूप से घायल था, जिसने बाद में दम तोड़ दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि घायल नंदी की मौत के बाद उसका पोस्टमार्टम नहीं कराया गया, जिससे उसकी मौत के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका। इस बात को लेकर भी स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई।
ग्रामीणों और गोसेवकों का कहना है कि क्षेत्र में गो तस्कर अक्सर सुनसान सिंगल रोड का इस्तेमाल करते हैं, जहां पुलिस की नियमित नाकाबंदी नहीं होती। इसी का फायदा उठाकर रात के समय गोवंश की तस्करी की जाती है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में लालगढ़ जाटान थाना प्रभारी गुरमेल सिंह ने बताया कि ट्रक को जब्त कर लिया गया है और उसके नंबर के आधार पर चालक की पहचान की जा रही है। चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
Updated on:
04 Apr 2026 09:29 pm
Published on:
04 Apr 2026 09:21 pm
बड़ी खबरें
View Allश्री गंगानगर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
