
नामांकन प्रक्रिया शुरू, पुलिस जाब्ता तैनात
सूरतगढ़.
विधानसभा चुनाव के तहत सोमवार से उपखण्ड कार्यालय में नामांकन पत्र जमा करने की प्रक्रिया शुरू हुई। पहले दिन किसी ने भी नामांकन पत्र दाखिल नहीं करवाया। नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। प्रत्याशी 19 नवम्बर तक नामांकन पत्र जमा करवा सकेंगे।
एसडीएम कार्यालय में सोमवार सुबह ग्यारह बजे से नामांकन पत्र जमा करवाने की प्रक्रिया शुरू हुई। यहां निर्वाचन अधिकारी एसडीएम सीता शर्मा सहित चुनाव शाखा के कर्मी काम में जुटे नजर आए। उपखंड कार्यालय के अंदर व बाहर पुलिस जाब्ता तैनात रहा। विधानसभा चुनाव के लिए बी. नवन्या वेनी को चुनाव आयोग की ओर से पर्यवेक्षक लगाया गया है।
एसडीएम कार्यालय में 19 नवम्बर तक रोजाना सुबह ग्यारह बजे से दोपहर तीन बजे तक प्रत्याशी नामांकन जमा करवा सकेंगे। बीस नवम्बर को नामांकन पत्रों की जांच होगी तथा 22 नवम्बर को नामांकन पत्र वापिस लिए जा सकेंगे। एक प्रत्याशी के साथ चार जने नामांकन के वक्त अंदर जा सकेंगे। सामान्य वर्ग के प्रत्याशी को दस हजार रुपए तथा एससी एसटी वर्ग के प्रत्याशी को पांच हजार रुपए की जमानत राशि जमा करवानी होगी।
विधानसभा चुनाव के तहत 261 मतदान केन्द्रों पर 2,27,353 मतदाता मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। वही एक आदर्श मतदान केन्द्र व एक महिला मतदान केन्द्र भी स्थापित किया गया है।
Published on:
12 Nov 2018 09:21 pm
