
AI जनरेटेड प्रतीकात्मक तस्वीर
Online Shopping Return Fraud: श्रीगंगानगर में ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी के साथ फर्जी रिटर्न और रिफंड के जरिए लाखों रुपए की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। सदर थाना पुलिस ने इस मामले में एक और आरोपी को जयपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। वहीं इस मामले में पहले गिरफ्तार किए गए एक अन्य आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
सदर थाना प्रभारी सुभाष चंद्र ढिल्ल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान जयपुर के गणेश नगर निवासी आयुष शर्मा पुत्र सियाराम शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया जहां से पूछताछ के लिए 5 दिन का पुलिस रिमांड मंजूर किया गया। पुलिस अब आरोपी से गिरोह के अन्य सदस्यों और ठगी के पूरे नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने ठगी के जरिए हासिल किए गए महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामान अपने परिचितों को बेच दिए थे। अब पुलिस इन सामानों की बरामदगी के प्रयास कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस पूरे गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल थे और उनकी क्या भूमिका रही। इस मामले में इससे पहले ब्यावर के सांकेतनगर स्थित गहलोत कॉलोनी निवासी जितेंद्र डेटानी उर्फ राहुल सिंधी को भी गिरफ्तार किया था। उसे अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
मामले की शुरुआत 14 मई को हुई थी जब ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी के सुरक्षा प्रबंधक हरियाणा के कैथल निवासी राजेश कुमार जाट ने सदर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। कंपनी की आंतरिक जांच में सामने आया कि एक संगठित गिरोह ऑनलाइन ऑर्डर और रिफंड प्रक्रिया का गलत फायदा उठाकर कंपनी को आर्थिक नुकसान पहुंचा रहा है।
जांच में पता चला कि आरोपी पहले ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी से महंगे इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों का ऑर्डर करते थे। डिलीवरी मिलने के बाद वे कंपनी में शिकायत दर्ज कराते थे कि उन्हें खाली पैकेट मिला है या फिर सामान मिला ही नहीं। इसके बाद कंपनी की रिफंड नीति का फायदा उठाकर बिना सामान लौटाए ही पूरी राशि वापस हासिल कर लेते थे। पुलिस के अनुसार इस गिरोह ने 52 अलग-अलग ग्राहक आईडी और 49 अलग-अलग नामों का इस्तेमाल करते हुए कुल 207 ऑर्डर के जरिए कंपनी के साथ लाखों रुपए की धोखाधड़ी की। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
Updated on:
18 Jul 2026 01:50 pm
Published on:
18 Jul 2026 01:50 pm
