18 जुलाई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बीकानेर ट्रिपल मर्डर केस में 2 दिन बाद पुलिस को मिली सफलता, 2 मुख्य आरोपी गिरफ्तार; शादी की बात पर हुआ था विवाद

राजस्थान के बीकानेर जिले में हुए ट्रिपल मर्डर केस में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वारदात के दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि शादी की बात को लेकर विवाद हुआ था।
2 min read
Google source verification
Bikaner Triple Murder Case

बीकानेर ट्रिपल मर्डर केस में पुलिस की बड़ी कार्रवाई। फोटो: पत्रिका

बीकानेर। राजस्थान के बीकानेर जिले में हुए ट्रिपल मर्डर केस में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वारदात के दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि शादी की बात को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया, जिसमें तीन लोगों की जान चली गई। इस हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में भी लगातार दबिश दे रही है और मामले की गहन जांच जारी है।

बीकानेर पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में छत्तरगढ़ थाना पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सघन तलाशी अभियान चलाया। आखिरकार शनिवार को पुलिस को बड़ी सफलता मिली। छत्तरगढ़ थानाधिकारी नवनीत के नेतृत्व में पुलिस ने मुख्य आरोपी सिकन्दर और रहमत अली गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को थाने लाया गया, जहां पर दोनों आरोपियों से लगातार पूछताछ जारी है। माना जा रहा है कि जल्द ही बड़े खुलासे हो सकते है।

तीन लोगों की हुई थी हत्या

बता दें कि बीकानेर के छतरगढ़ थाना क्षेत्र में लड़की के रिश्ते को लेकर चल रहे विवाद में गुरुवार को पिता-पुत्र सहित परिवार के तीन लोगों की चाकू-छुरे से हमला कर हत्या कर दी गई थी। वारदात सुरजनवाली गांव में उस समय हुई जब दोनों पक्ष मामले के निपटारे के लिए एकत्र हुए थे। एक पक्ष रिश्ते के लिए दबाव बनाने पहुंचा। तभी बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ गया था कि दूसरे पक्ष ने धारदार चाकुओं से हमला कर दिया। जिसमें जिंदू खां, उसके बेटे करीम खां, जिंदू खां के साले अलीशेर की मौत हो गई थी।

दो दिन बाद पुलिस को मिली बड़ी सफलता

गांव में तीन लोगों के हत्या के बाद माहौल गरमा गया था। माहौल को देखते हुए अस्पताल और गांव में पुलिस बल तैनात किया गया था। मृतक के परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों की जल्द ​गिफ्तारी की मांग की। पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 5 विशेष टीमें गठित की गई। दो दिन तक चले तलाशी अभियान के बाद पुलिस ने शनिवार को दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मृतक के परिजनों ने गुलाब नबी, याकूब अली, बरकत अली, अकरम, रहमत अली, मशूक, अल्ताफ, सिकंदर समेत 9 नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया था। पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

लड़की की सगाई को लेकर हुई थी बहस

परिजनों का कहना है कि जिंदू खां अपने बेटे करीम खां के साथ चक चार एआरएम में रिश्तेदार मारम खां की तबीयत पूछने पहुंचे थे। इसी दौरान परिवार में एक लड़की की सगाई कराने को लेकर बहस हो गई थी। कुछ ही देर में बहस खूनी संघर्ष में बदल गई और मौके पर मौजूद लोगों ने एक-दूसरे पर चाकू से वार कर दिए। बीच-बचाव करने पहुंचे जिंदू खां के साले अलीशेर को भी आरोपियों ने नहीं बख्शा। हमले में नब्बू खां घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया था।