श्रीगंगानगर.प्रदेशभर में आरबीएसई और सीबीएसई से सम्बद्ध सभी स्कूलों की बोर्ड और स्थानीय परीक्षाओं के परिणाम तक जारी होने के बाद अब राजस्थान स्टेट ओपन बोर्ड जयपुर ने भी 10वीं-12वीं की परीक्षाओं का टाइम टेबल जारी कर दिया है। पिछले 2 सालों से गर्मी की छुट्टियों में आयोजित होने वाली ओपन बोर्ड की माध्यमिक तथा उच्च माध्यमिक परीक्षाएं इस साल छुट्टियां खत्म होने के बाद 24 जून से शुरू होंगी। जहां एक और प्रदेश चिलचिलाती धूप में तप रहा है वहीं ओपन बोर्ड की परीक्षाएं भरी गर्मी में दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित की जाएगी।उल्लेखनीय है कि दोनों कक्षाओं की परीक्षाओं के लिए राज्य भर में करीबन सवा लाख जबकि जिले भर में तकरीबन 3 हजार से ज्यादा विद्यार्थी पंजीकृत है। ये वे विद्यार्थी हैं जिन्होंने विभिन्न कारणों से पढ़ाई छोड़ दी है। अब ओपन बोर्ड इन्हें घर रह कर 10वीं और 12वीं परीक्षा पास करने का अवसर प्रदान करवा रहा है।
-परीक्षा केंद्र निर्धारित करेंगे प्रायोगिक परीक्षा की तिथि
10वीं और 12वीं के प्रैक्टिकल एग्जाम भी 24 जून से 25 जूलाई के बीच करवाए जाने हैं। प्रैक्टिकल एग्जाम कार्यक्रम की जानकारी के लिए विद्यार्थियों को सम्बन्धित परीक्षा केंद्र के केंद्र अधीक्षक से सम्पर्क करना होगा। प्रैक्टिकल एग्जाम तिथि की सूचना परीक्षा केंद्र की ओर से ही विद्यार्थियों तक पहुंचाई जाएगी।
-यह है 10वीं का टाइम टेबल
10वीं कक्षा में 24 जून को पंजाबी, 25 को उर्दू, 28 को विज्ञान व प्रौद्योगिकी, 1 जूलाई को अर्थशास्त्र, 2 काे मनोविज्ञान, 3 को अंग्रेजी, 4 को व्यवसाय अध्ययन, 5 को डाटा एंट्री, 8 को भारतीय संस्कृति, 9 को चित्रकला, 10 को गृह विज्ञान, 11 को सामाजिक विज्ञान, 12 को हिंदी, 15 को संस्कृत, 16 को गणित तथा 18 जुलाई को सिंधी की परीक्षा होगी।
-कक्षा-12 की समय सारणी
कक्षा-12 के लिए 24 जून को हिंदी, 25 को गृह विज्ञान, 28 को समाजशास्त्र, 1 जुलाई को चित्रकला, 2 को अंग्रेजी, 3 को इतिहास, 4 को संस्कृत,5 को व्यवसाय अध्ययन, 8 पर्यावरण विज्ञान, 9 को मनोविज्ञान, 10 को भूगोल, 11 को अर्थशास्त्र, 12 को जीव विज्ञान, 15 को रसायन विज्ञान, 16 को भौतिक विज्ञान, 18 को डाटा एंट्री, 19 को राजनीति विज्ञान, 22 को गणित, 23 को लेखाशास्त्र, 24 को उर्दू तथा 25 जुलाई को कंप्यूटर विज्ञान की परीक्षा होगी।
फैक्ट फाइल
परीक्षा शुरू होने की तिथि - 24 जून, 2024
परीक्षा समापन तिथि- 25 जुलाई,2024
परीक्षा का समय- दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक
जिले में संदर्भ केंद्र-13
गंगानगर-अनूपगढ़ में अनुमानित विद्यार्थी- 3000
इनका कहना है:-
"स्टेट ओपन बोर्ड जयपुर की मुख्य परीक्षा 24 जून से शुरू होंगी। इसमें 10वीं के पेपर 18 जुलाई जबकि 12वीं के पेपर 25 जुलाई तक चलेंगे। परीक्षार्थियों को अपनी एसएसओ आईडी नामांकन संख्या से मैप करनी होगी। इस साल प्रवेश पत्र आरएसओएस एप पर अपलोड होंगे जिन्हें संदर्भ केन्द्र से प्रमाणित करवाने की आवश्यकता नहीं है।"
-भूपेश शर्मा, जिला समन्वयक, विद्यार्थी परामर्श केंद्र,श्रीगंगानगर