श्रीकरणपुर. वार्ड आठ रड़ेवाला रोड पर सरोज फ्लोर मिल के निकट एक विद्युत खंभा गिरने के कगार पर है। करीब एक सप्ताह पहले तेज अंधड़ के बाद बिपरजॉय तूफान की चेतावनी पर लोगों ने क्षतिग्रस्त खंभे की सूचना विद्युत निगम को दी लेकिन कार्रवाई नहीं होने से वे निराश हैं। लोगों का कहना है कि निगम के अधिकारी शायद खंभा गिरने का इंतजार कर रहे हैं। वार्ड आठ निवासी रामदित्ता चावला, राजन बिलंदी शेरू, रूपा राम, भालू राम, डॉ.गुलशन सिंधी व गोविंद प्रकाश आदि ने बताया कि लंबे समय से क्षतिग्रस्त यह खंभा करीब एक माह पहले अचानक नीचे की ओर झुक गया। कई घरों के विद्युत कनेक्शन की तारें इससे जुड़ी है। हाल ही 11 जून को तेज अंधड़ के दौरान यह खंभा हवा में झूलता नजर आया तो निगम कार्मिकों को इसकी सूचना दी गई। इसके बाद एक अधिकारी ने वहां मौका मुआयना कर इसको बदलने का आश्वासन भी दिया लेकिन हालात जस के तस है। ऐसे में आसपास के लोग डर के साए में रह रहे हैं।
——
मामला सामने आने पर चार दिन पहले जेइएन को मौका मुआयना के लिए कहा था। वस्तुस्थिति का पता करता हूं। एक सप्ताह पहले अंधड़ के दौरान ग्रामीण क्षेत्र में सौ-सवा सौ खंभे टूट गए। इन्हें बदलने का कार्य पूरा होने पर है। जल्द ही यह खंभा भी बदलवा दिया जाएगा।
वीके वर्मा, एइएन विद्युत निगम श्रीकरणपुर।