
श्रीगंगानगर.
जवाहरनगर थाना इलाके में ढाणी के पास बुधवार रात को ग्यारह हजार वोल्ट की बिजली टूटकर छोटी लाइन पर गिरने से दर्जनों घरों में करंट दौड़ गया। इससे घर में बैठे पांच जने करंट लगने से अचेत हो गए। इस घटना को लेकर लोग चहल चौक स्थित जीएसएस पर पहुंचे गए और वहां नारेबाजी की। इस हादसे के बाद इलाके की बिजली गुल हो गई।
जानकारी के अनुसार के समय मास्टर कॉलोनी से आगे ढाणी में लोग घरों में मौजूद थे। इसी दौरान ग्यारह वोल्ट की पुरानी लाइन टूटकर सडक़ पर व छोटी लाइन पर गिर गई। इससे दर्जनों में घरों में करंट दौड़ गया। करंट लगने से गुड्डीदेवी (42) पत्नी नेत्रपाल, गीता (16) पुत्री नेत्रपाल, शिवानी (12) पुत्री नेत्रपाल व नवीन (19) पुत्र नेत्रपाल को अचेत हो गए। गुड्डी मकान में नंगे पैर थी। इससे उसके पैरों में करंट आ गया और पैर झुलस गए। उसे खींचने के दौरान नेत्रपाल को भी करंट लग गया। इस मामले की सूचना पुलिस व दमकल को दी गई। सूचना मिलने पर दमकल व एम्बुलेंस 108 मौके पर पहुंच गई। एम्बुलेंस से अचेत हुए चार जनों को राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
इसके अलावा अन्य लोगों को भी मामूली करंट आया।
विद्युत निगम के खिलाफ प्रदर्शन
इस हादसे के बाद घरों में मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई और लोग घरों से बाहर आ गए। दर्जनों घरों में बिजली के उपकरण फुंक गए। मामले को लेकर लोग ढाणी व आसपास से एकत्रित होकर चहल चौक स्थित जीएसएस पर पहुंचे और वहां विद्युत निगम के अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान मीरा चौकी प्रभारी जय कुमार भादू व पुलिस जाब्ता भी पहुंच गया। देर रात तक लोग वहां प्रदर्शन करते रहे।
कई बार की गई लाइन बदलने की मांग -
मास्टर कॉलोनी के मनिन्द्र सिंह मान ने बताया कि यहां बिजली लाइन लंबे समय से लटकी हुई और पुरानी लाइन है। इस लाइन के टूटकर गिरने का खतरा बना हुआ था और इस संबंध में विद्युत निगम के अधिकारियों को कई बार लाइन बदलने की शिकायत दी गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। आखिर में बिजली लाइन टूटकर गिर गई। जिससे यह हादसा हो गया। यदि दिन का समय होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
लाइन गिरने के आंधे घंटे तक बंद नहीं हुई बिजली -
लोगों ने बताया कि लाइन गिरने के बाद विद्युत निगम कर्मचारियों व अधिकारियों को लाइन बंद करने की सूचना दी गई लेकिन इसके बाद भी करंट बंद होने में आधा घंटा लग गया। इसे लेकर कॉलोनी के लोगों में आक्रोश व्याप्त है। लोगों ने बताया कि सूचना पर निगम के कर्मचारियों व अधिकारियों की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया गया ।
Updated on:
02 Aug 2018 06:57 am
Published on:
02 Aug 2018 04:26 am
