
Sri Ganganagar News: इलाके में हथियारों की खेप सप्लाई करने की गैंग ने फिल्मी स्टाइल से पुलिस को चकमा देने का प्रयास किया। यहां तक कि गणेशगढ़ पुलिस चौकी के पास लगाई गई नाकेबंदी को तोड़ते हुए गैँग सदस्यों की कार पदमपुर थाना क्षेत्र में जा पहुंची। वहां हड़बहाहट में यह कार पेड़ से टकरा गई। पीछा कर रही पुलिस ने एक आरोपी को काबू कर लिया। इस आरोपी से पूछताछ की जा रही है, अन्य आरोपियों के लिए दबिश भी दी है। गणेशगढ़ चौकी पुलिस ने हरियाणा नंबर की कार सवार व्यक्ति को हथियार सहित पकड़ा है।
जिला विशेष टीम द्वितीय और लालगढ़ जाटान थाना क्षेत्र की गणेशगढ़ पुलिस ने कार का पीछा किया। यह कार पदमपुर शहर में जैतसर पुलिया के पास एक पेड़ से जा टकराई और क्षतिग्रस्त हो गई। काबू किए गए आरोपी से गणेशगढ़ चौकी में पूछताछ की जा रही थी। इस आरोपी की अपराधिक पृष्ठभूमि की जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपी के पास अवैध हथियार बरामद किए गए है लेकिन सोमवार देर रात तक गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई।
एसपी गौरव यादव ने बताया कि कुछ आपराधिक प्रवृत्ति के लोग हथियारों की डील करने के लिए पूरी गैँग के साथ इलाके में सक्रिय हैँ, इस सूचना के आधार पर जिला विशेष टीम द्वितीय के प्रभारी की अगुवाई में टीम ने गणेशगढ़ चौकी के पास नाकेबंदी कराई थी।
इस गैँग के अन्य लोगों के बारे में दबिश दी जा रही है। गैँग से किसी वारदात के इनपुट मिले थे, ऐसे में इस मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। पदमपुर थाना प्रभारी सुरेन्द्र राणा ने बताया कि गणेशगढ़ एरिया में नाकाबंदी को तोड़कर यह कार तेज रतार में पदमपुर एरिया में पहुंची। इस कार का पीछा पुलिस दल कर रहा था, इस दौरान यह कार पदमपुर क्षेत्र में जैतसर मार्ग पर बेकाबू होकर पेड़ से टकरा गई। जैसे ही आरोपी कार से उतरकर भागने लगा तो वह काबू में आ गया।
Updated on:
22 Oct 2024, 2:15 PM IST
Published on:
22 Oct 2024, 1:40 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.