5 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

लोकसभा चुनाव के लिए इस क्रिकेटर को बनाया यूथ आइकन, वोटिंग के लिए करेंगे प्रेरित

Rajasthan News: यूथ आइकन सहारण ने इस अवसर पर मतदाताओं से अधिक से अधिक मतदान की अपील की। उन्होंने कहा कि बेहतर सरकार चुनने के लिए मतदान जरूरी होती है। मतदान से ही लोकतंत्र को मजबूती मिलती है। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने भी उदय को शुभकामनाएं देते हुए स्वीप गतिविधियों में सहयोग की अपील की।

3 min read
Google source verification
RJ Lok Sabha Election 2024

Rajasthan News : लोकसभा चुनाव के लिए इस क्रिकेटर को बनाया यूथ आइकन, वोटिंग के लिए करेंगे प्रेरित

RJ Lok Sabha Election 2024 : भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम के कप्तान उदय प्रताप सहारण को लोकसभा चुनाव के लिए श्रीगंगानगर जिले का यूथ आइकन बनाया गया है। मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर ने उन्हें यूथ आइकन बनने पर बधाई दी। इस अवसर पर उदय ने जिला निर्वाचन अधिकारी लोकबधु, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मृदुल सिंह, एडीएम प्रशासन विरेन्द्र सिंह चौधरी सहित अपने परिजनों के साथ यूथ आइकन पोस्टर का विमोचन किया।

यूथ आइकन सहारण ने इस अवसर पर मतदाताओं से अधिक से अधिक मतदान की अपील की। उन्होंने कहा कि बेहतर सरकार चुनने के लिए मतदान जरूरी होती है। मतदान से ही लोकतंत्र को मजबूती मिलती है। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने भी उदय को शुभकामनाएं देते हुए स्वीप गतिविधियों में सहयोग की अपील की।

ईवीएम का किया प्रथम रेण्डेमाइजेशन
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार लोकसभा आम चुनाव 2024 के दौरान गंगानगर क्षेत्र की 6 विधानसभाओं के लिए ईवीएम का प्रथम रेण्डेमाइजेशन किया गया। मंगलवार को कलक्ट्रेट सभाहॉल में जिला कलक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी लोकबंधु तथा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में प्रथम रेण्डेमाइजेशन किया गया। गंगानगर जिले की विधानसभा सादुलशहर, गंगानगर, करणपुर, रायसिंहनगर, सूरतगढ़ व अनूपगढ़ जिले की विधानसभा अनूपगढ़ के लिए चुनाव के लिए प्रयुक्त होने वाली ईवीएम का प्रथम रेण्डेमाइजेशन किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर सर्तकता नरेन्द्र पाल सिंह, एसडीएम जीतू कुलहरी, आईएनसी के भीमराज डाबी, सीपीआईएम के विजय रेवाड़, बीजेपी के विजेन्द्र अग्रवाल, एनआईसी के सूचना विज्ञान अधिकारी परमजीत सिंह सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

दिव्यांग मतदाताओं को मिलेगी यह सुविधा
जिले के सभी पंजीकृत दिव्यांग मतदाताओं का शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के लिए जिला स्तर पर जिला दिव्यांग समन्वयक (सहायक सैल) का गठन किया गया है। दिव्यांगजन के सुलभ मतदान के लिए प्रत्येक मतदान केन्द्र पर रैम्प की सुविधा, पीने का पानी, बैठने के लिए छायादार स्थान, व्हीलचेयर, ब्रेल लिपि शीट, शौचालय आदि की व्यवस्था उपलब्ध होगी। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि इसके साथ ही ऐसे दिव्यांग मतदाता जो मतदान केन्द्र पर स्वयं नहीं जा सकते एवं मतदान केन्द्र पर अपना मतदान करना चाहते हैं, उन्हें घर से मतदान केन्द्र एवं मतदान के बाद पुन: घर छोडऩे के लिए नि:शुल्क वाहन व्यवस्था उपलब्ध करवाई जाएगी। मतदान केन्द्र पर दो-दो स्काउट्स/एनसीसी के कैडेट दिव्यांग मतदाताओं की मदद को नियुक्त किए जाएंगे, जो कि बेसिक साइन लैंग्वेज एवं व्हील चेयर हैण्डलिंग प्रशिक्षित होंगे।

घर बैठे मतदान सुविधा
जिला निर्वाचन अधिकारी लोकबंधु ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देश पर लोकसभा चुनाव में भी होम वोटिंग की सुविधा दी जाएगी। विधानसभा चुनाव में 80 वर्ष से अधिक आयु तथा 40 प्रतिशत दिव्यांगता वालों को होम वोटिंग की सुविधा दी गई थी। अब राजनीतिक दलों की सलाह पर 85 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों तथा 40 प्रतिशत या इससे अधिक दिव्यांगता वालों को यह सुविधा मिलेगी। ईवीएम के रेण्डमाइजेशन के बारे में उन्होंने बताया कि पहला रेण्डामाइजेशन राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के समक्ष मंगलवार को हो गया। दूसरा रेण्डमाइजेशन उम्मीदवारों के समक्ष किया जाएगा।

चुनाव व्यय पर नजर
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि लोकसभा चुनाव में उम्मीदवार के लिए खर्च की सीमा 95 लाख रुपए तय है। चुनाव खर्च पर नजर रखने के लिए उडऩ दस्ता, स्थैतिक निगरानी दल, वीडियो निगरानी दल, वीडियो अवलोकन दल, लेखा दल तथा सहायक व्यय प्रेक्षक दल का गठन किया गया है। श्रीगंगानगर जिले के चार विधानसभा क्षेत्र गंगानगर, करणपुर, सूरतगढ़ तथा अनूपगढ़ व्यय संवेदनशील होने के कारण प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 12 उडऩ दस्तों तथा इतने ही स्थैतिक निगरानी दलों का गठन किया गया है। सादुलशहर रायसिंहनगर विधानसभा क्षेत्रों के लिए इनकी संख्या 9-9 रखी गई है।

पुलिस की व्यवस्था
लोकसभा चुनाव के दौरान पुलिस विभाग की व्यवस्थाओं की जानकारी जिला पुलिस अधीक्षक गौरव यादव ने पत्रकारों के साथ साझा की। उन्होंने बताया कि भयमुक्त वातावरण में निष्पक्ष चुनाव करवाने के लिए संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया जाएगा। संबंधित थाना प्रभारी , वृत्त अधिकारी और सहायक रिटर्निंग अधिकारी इन मतदान केन्द्रों पर बैठक कर आमजन से भयमुक्त होकर मतदान करने की अपील करेंगे। अपराधियों को पाबंद किया जाएगा। चुनाव के दौरान मतदाताओं में बांटे जाने के लिए राशि और शराब की धरपकड़ के लिए दस स्थानों पर अंतरराज्यीय नाके लगाए गए हैं।

बड़ी खबरें

View All

श्री गंगानगर

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग