श्रीगंगानगर. आम आदमी पार्टी की रविवार को हुई महारैली में आए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को काले झंडे दिखाने पर पुलिस ने युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को हल्का बल प्रयोग कर खदेड़ दिया। पुलिस ने एक कार्यकर्ता को शांतिभंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया तथा चार-पांच अन्य कार्यकर्ताओं को शहर से दूर ले जाकर छोड़ दिया। इस घटना के बाद पुलिस ने महारैली स्थल सुखाडि़या सर्किल के आसपास खुली दुकानों को बंद करवा दिया।
यह भी पढ़ें: https://www.patrika.com/elections-news/sriganganagar-aap-election-campaign-started-cm-kejriwal-said-democracy-is-ending-inside-country-8318100/
महारैली में भाग लेने के लिए केजरीवाल और मान शाम चार बजे के करीब हेलीकॉप्टर से यहां पहुंचे। महारैली स्थल के पास एसडी बिहाणी कॉलेज के खेल मैदान में हेलीपैड बनाया था। खेल मैदान के बाहर सड़क के एक तरफ युवक कांग्रेस के कार्यकर्ता राजस्थान की नहरों में पंजाब से आ रहे दूषित पानी को रोकने तथा भाखड़ा नहर को पूरा पानी देने की मांग को लेकर आप के दोनों मुख्यमंत्रियों को काले झण्डे दिखाने को तैयार खड़े थे।
दोनों मुख्यमंत्रियों के वाहनों का काफिला जैसे ही खेल मैदान से बाहर आया युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने काले झण्डे लहराने शुरू कर दिए। उसी समय पुलिस हरकत में आई और हल्का बल प्रयोग कर सभी को खदेड़ दिया। यहां से पुलिस ने रजत पुत्र प्रवीण शर्मा निवासी वार्ड 18 पुरानी आबादी को शांतिभंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया।
वहीं चार-पांच युवकों को शहर से दूर ले जाकर छोड़ा गया। अपने भाषण में इस घटना का जिक्र करते हुए केजरीवाल ने इसे कांग्रेस और भाजपा की बौखलाहट करार दिया, वहीं मुख्यमंत्री मान ने काले झंडे दिखाने वालों को गहलोत के दिहाडि़ए बता कर खिल्ली उड़ाई।
उधर, विधानसभा अध्यक्ष नवाब खान ने कहा कि विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया, जिसमें कई कार्यकर्ता बुरी तरह चोटिल हुए। पुलिस ने जिलाध्यक्ष करण सहारण, प्रदेश महासचिव अजय बिश्नोई, सादुलशहर विधानसभा अध्यक्ष अरविन्द्र गिल, सूरतगढ़ विधानसभा अध्यक्ष नवीन गोदारा, रजत शर्मा, पवन नंदीवाल, हिमांशु सिसोदिया आदि कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। इससे कार्यकर्ताओं में रोष है।