13 मार्च 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सिलेंडर की MRP से 1 रुपया भी ज्यादा मांगा जाए, तो दिल्ली वाले इन नंबरों पर करें कॉल

Delhi LPG Crisis: राजधानी में इन दिनों गैस एजेंसियों के बाहर लगी लंबी कतारें उपभोक्ताओं की बढ़ती मुश्किलों की गवाही दे रही हैं। एलपीजी की किल्लत और अनिश्चितता के डर ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। इसी बीच, संकट का फायदा उठाकर कई जगहों पर ग्राहकों से तय कीमत से ज्यादा वसूली की शिकायतें भी सामने आ रही हैं, जिससे आम जनता पर दोहरी मार पड़ रही है।

2 min read
Google source verification
delhi lpg crisis helpline numbers complaint guide

Delhi LPG Crisis: एलपीजी गैस एजेंसियों पर लगी लंबी कतारें उपभोक्ताओं की बढ़ती मुश्किलों और अनिश्चितता का साफ संकेत दे रही हैं। एक तरफ सिलेंडर की किल्लत से लोग परेशान हैं, तो दूसरी तरफ कालाबाजारी करने वालों ने आपदा में अवसर ढूंढ लिया है। कई ग्राहकों का आरोप है कि एजेंसियां स्टॉक नहीं है कहकर पल्ला झाड़ रही हैं, जबकि वही सिलेंडर हॉकर के जरिए ऊंचे दामों पर आसानी से मिल रहा है। अगर आप भी ऐसी मनमानी या ज्यादा वसूली का शिकार हो रहे हैं, तो चुप न बैठें आप इसकी शिकायत इन नंबरों पर दर्ज करा सकते हैं

पैनिक बुकिंग , अफवाह

युद्ध की खबरों के बीच उपभोक्ताओं में स्टॉक खत्म होने का डर है। सोशल मीडिया पर भी कई अफवाहें फैली हैं। इस पैनिक बुकिंग ने सिलेंडर की कृत्रिम कमी पैदा कर दी है।

25 दिनों का नियम

जमाखोरी रोकने के लिए सरकार ने दो रिफिल के बीच 25 दिनों का अनिवार्य अंतराल लागू किया है। इस नियम की स्पष्ट जानकारी न होने से भी लोग एजेंसियों पर जमा हो रहे हैं।

वैश्विक तनाव का असर

मिडिल-ईस्ट (ईरान-इज़राइल) में बढ़ते तनाव के कारण हॉर्मुज जलडमरूमध्य से होने वाला एलपीजी आयात प्रभावित हुआ है। भारत अपनी जरूरत का 60% हिस्सा यहीं से मंगवाता है, जिससे सप्लाई चेन में देरी हुई है।

रमजान-शादियों की वजह से बढ़ी खपत

गैस सिलेंडर की बढ़ती मांग के पीछे रमजान और शादियों के सीजन का दोहरा असर है। आम दिनों के मुकाबले इस समय मांग 20 फीसदी ज्यादा है। हालांकि, राहत की बात यह है कि 13 मार्च के बाद शादियों का सीजन थमेगा और 21 मार्च को ईद के बाद गैस की खपत में कमी आएगी। एलपीजी डीलर्स को उम्मीद है कि मार्च के आखिरी हफ्ते से सिलेंडर की उपलब्धता बेहतर हो जाएगी।

होम-डिलीवरी ठप और कालाबाजारी जोरों पर

दिल्ली के कई इलाकों में होम डिलीवरी बंद करने की शिकायतें आ रही हैं। आरोप है कि सिलेंडर को 3,000 से 4,500 रुपये की अवैध कीमतों पर बेचा जा रहा है।

अवैध वसूली होने पर कॉल करें

● किसी भी प्रकार की अवैध वसूली होने पर तुरंत नजदीकी क्षेत्रीय राशन कार्यालय या पुलिस हेल्पलाइन 112 पर सूचित करें।

● दिल्ली सरकार (खाद्य एवं आपूर्ति विभाग) के टोल-फ्री नंबर 1967 या उपभोक्ता हेल्पलाइन 1800-11-4000 पर भी शिकायत कर सकते हैं।

कंपनियों के हेल्पलाइन

इंडेन : 1800-233-3555

भारत गैस : 1800-22-4344

एचपी गैस : 1800-233-3555

आधिकारिक पोर्टल

mylpg.in पर Feedback सेक्शन में अपनी शिकायत दर्ज करें।

उपभोक्ता अपना बुकिंग स्टेटस केवल आधिकारिक ऐप या वेबसाइट पर ही चेक करें। किसी भी अज्ञात लिंक पर अपनी जानकारी साझा न करें।

कालाबाजारी करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी

दिल्ली सरकार और तेल कंपनियों ने राजधानी में एलपीजी, पीएनजी, पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति को लेकर फैली आशंकाओं पर विराम लगा दिया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में ईंधन का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और सप्लाई चेन पूरी तरह सामान्य है। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने भी पुष्टि की है कि घरेलू पीएनजी और सीएनजी उपभोक्ताओं को प्राथमिकता के आधार पर निर्बाध आपूर्ति की जा रही है। सरकार ने जनता से अपील की है कि वे अफवाहों और पैनिक बुकिंग से बचें। साथ ही, कालाबाजारी या जमाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।