13 मार्च 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

‘कहां जा रही है रे… भागो मत’, भाषण देते-देते महिलाओं को टोकने लगे सीएम नीतीश, पूछा- पहले किसी ने काम किया था?

Samriddhi Yatra: सहरसा में CM नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के दौरान, जब जीविका दीदियां जनसभा से उठकर जाने लगीं, तो मुख्यमंत्री ने उन्हें टोका और चुपचाप बैठने को कहा। 

2 min read
Google source verification

पटना

image

Anand Shekhar

Mar 13, 2026

nitish kumar samriddhi yatra saharsa bihar नीतीश कुमार

समृद्धि यात्रा के दौरान जनसभा को संबोधित करते सीएम नीतीश कुमार (फोटो- X@JDU)

Samriddhi Yatra: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी समृद्धि यात्रा के तीसरे चरण के तहत सीमांचल के दौरे पर हैं, इसी क्रम में वो शुक्रवार को सहरसा पहुंचे। यहाँ करीब 35 मिनट के संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री अपने पुराने तेवर में नजर आए। उन्होंने न केवल विपक्ष पर हमला किया और राज्य में हुए विकास कार्यों का हिसाब दिया, बल्कि बीच सभा से उठकर जाने वाली महिलाओं को खुले मंच से टोकते हुए डांट भी लगाई।

कहां जा रही है रे…

मुख्यमंत्री जब मंच से संबोधन कर रहे थे, तभी कुछ जीविका दीदियां अपनी कुर्सियों से उठकर बाहर जाने लगीं। यह देख नीतीश कुमार ने अपना भाषण बीच में ही रोका और सीधे उनकी ओर इशारा करते हुए कहा, 'आर भाग नहीं ना रहे हैं, रहिए चुपचाप। कहां जा रही है रे! पहले वाला कोई काम किया था? अब ना हम बता रहे हैं कि काम हो रहा है। वो देखो ना, वो चली गई। हम देख रहे हैं 4-5 उधर भाग रही है। भागो मत, यहीं रहिए।'

पहले शाम के बाद घर से नहीं निकलते थे लोग

अपने भाषण में मुख्यमंत्री ने राज्य में पिछले दो दशकों में हुए विकास कार्यों का उल्लेख किया और कहा कि 2005 में एनडीए की सरकार बनने के बाद बिहार में सुशासन और विकास की शुरुआत हुई। उन्होंने कहा कि पहले लोग शाम के बाद घर से बाहर नहीं निकलते थे। सबको कह दिया गया था कि अंदर रहो। अब लोग रात-रात भर घूमते हैं। किसी को डर नहीं है।

सीएम ने कहा कि पहले हिंदू-मुस्लिम में कितना झगड़ा होता था। हमने कब्रिस्तान की घेराबंदी कराई और 60 साल से पुराने मंदिरों की भी किलेबंदी की ताकि चोरी और दंगे रुकें। हमने 5.24 लाख सरकारी शिक्षक बहाल किए। नियोजित शिक्षकों को मामूली परीक्षा लेकर सरकारी कर्मी बनाया। अब 45,000 और नई बहाली बीपीएससी से होने जा रही है।

सीएम ने विकास योजनाओं का किया जिक्र

नीतीश कुमार ने सहरसा की जनता के सामने आंकड़ों के जरिए बिहार में हुए विकास की जानकारी दी। सीएम ने कहा कि पहले अस्पताल में महीने में मात्र 39 मरीज आते थे, अब औसतन 11,600 मरीज आ रहे हैं। पटना में पीएमसीएच को 5400 बेड का अस्पताल बनाया जा रहा है। चौथा कृषि रोड मैप चल रहा है। मछली उत्पादन में बिहार आत्मनिर्भर हो गया है। 2018 में हर घर बिजली पहुंचाई और अब लगभग सभी घरेलू उपभोक्ताओं को बिजली मुफ्त दी जा रही है।

सीएम ने कहा कि हमारी सरकार ने 10 लाख नौकरी का वादा किया था, लेकिन 50 लाख युवाओं को नौकरी और रोजगार से जोड़ दिया है। अगले 5 वर्षों में 1 करोड़ युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य है।

महिलाओं के लिए योजनाओं पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए कई कदम उठाए हैं। उन्होंने बताया कि 2006 में महिलाओं को पंचायत और नगर निकायों में 50 प्रतिशत आरक्षण दिया गया। बिहार पुलिस में 35 प्रतिशत आरक्षण दिया गया, जिसकी वजह से आज बिहार पुलिस में देश में सबसे ज्यादा महिलाएं हैं। जीविका दीदियों की संख्या अब 1.30 करोड़ से अधिक हो गई है।

डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के कंधे पर हाथ

संबोधन के बाद नीतीश कुमार ने मंच पर मौजूद सभी नेताओं को आगे बुलाया और जनता का नमन करने को कहा। इसके बाद वे खुद डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के पास पहुंचे, उनके कंधे पर हाथ रखा और जनता से मुखातिब होकर बोले, 'इन्हें बताइए कि काम हो रहा है।' जवाब में सम्राट चौधरी हाथ जोड़े सिर झुकाए खड़े रहे।