
Dhan Kharidi: सुकमा जिले के छिंदगढ़ विकासखंड के कोडरीपाल धान खरीदी केंद्र में किसानों को धान बेचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यहां पंजीकृत 832 किसानों में से अब तक केवल 221 किसान ही धान बेच पाए हैं। धान खरीदी की प्रक्रिया धीमी गति से चलने और अधिकारियों की अनदेखी के कारण किसानों में आक्रोश है।
धान खरीदी के लिए लगभग 25 दिन शेष हैं, जबकि अभी भी 600 से अधिक किसानों का धान खरीदा जाना बाकी है। किसानों का आरोप है कि टोकन व्यवस्था में लापरवाही और धान खरीदी प्रबंधन की उदासीनता से उन्हें बार-बार केंद्र का चक्कर लगाना पड़ रहा है। किसानों ने बताया कि खरीदी केंद्र में टोकन प्राप्त करने के लिए पहले रजिस्टर पर नाम दर्ज करवाना होता है। हालांकि, रजिस्टर में 350 से अधिक नाम दर्ज हैं, लेकिन सीमित संख्या में ही टोकन काटे जा रहे हैं। इसके कारण कई किसानों को हफ्तों तक इंतजार करना पड़ रहा है।
धान खरीदी में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए इलेक्ट्रॉनिक कांटे की जरूरत होती है, लेकिन कोडरीपाल केंद्र पर किलो बाट से धान तौलने का काम चल रहा है। केंद्र प्रबंधक ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक कांटे की कमी है और इस संबंध में छिंदगढ़ एसडीएम को सूचित किया गया है।
हालांकि, अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। नेतानार धान खरीदी केंद्र प्रभारी मिट्ठू राम ने बताया कि किलो बाट कटे से धान खरीदी करने के संबंध में छिंदगढ़ एसडीएम को आवेदन दिया है, लेकिन अब तक कोई आदेश जारी नहीं हुआ है, लेकिन हमारी ओर से इलेक्ट्रिक कांटे की जगह किलो बाट कांटे से खरीदी करने की जानकारी दे दी गई है।
किसान, मुकुंद नाग: मैंने तीन सप्ताह पहले अपना नाम रजिस्टर में दर्ज कराया, लेकिन अभी तक मेरा टोकन नहीं कटा है। पिछले एक सप्ताह से रोजाना केंद्र आकर इंतजार कर रहा हूं, लेकिन स्थिति जस की तस है।
Dhan Kharidi: धान खरीदी में हो रही देरी और अव्यवस्था से किसान बेहद परेशान हैं। धीमी प्रक्रिया के चलते किसानों को अपने अन्य कार्य छोड़कर केंद्र पर इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं, समय पर धान न बिकने के कारण आर्थिक संकट भी गहराता जा रहा है। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि धान खरीदी केंद्रों में इलेक्ट्रॉनिक कांटे की व्यवस्था शीघ्र की जाए और टोकन प्रक्रिया को सरल बनाया जाए, ताकि समय पर सभी किसानों का धान खरीदा जा सके।
Updated on:
28 Dec 2024 04:33 pm
Published on:
28 Dec 2024 04:32 pm
बड़ी खबरें
View Allसुकमा
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
