
सुलतानपुर. अब डाकघर अभिभावकों को एक अच्छी खबर लेकर आया है। अभिभावकों को अब अपने बच्चों का आधार कार्ड बनवाने के लिए इधर- उधर भटकना नहीं पड़ेगा। क्योंकि डाकघर ने इसके लिए इंतजाम किए हैं। बच्चों का आधार कार्ड बनवाने के लिए अब कहीं दूर जाने की जरूरत नहीं है। डाकघर में एक फोन कॉल करने पर क्षेत्र का पोस्टमैन ( डाकिया ) आपके घर पहुंच कर बच्चे का आधार कार्ड बनाने का काम तत्काल कर देगा।
हेड पोस्टऑफिस ( प्रधान डाकघर ) में जन सामान्य का आधार कार्ड बनाने का कार्य पहले से कर रहा है। अब 5 साल तक के बच्चों का आधार कार्ड घर पर बनाने के लिए पोस्टमैन को प्रशिक्षित किया गया है। इस काम को पूरा करने के लिए महिला एवं बाल कल्याण विभाग भी साझीदार है। सुकन्या समृद्धि योजना के तहत एकाउंट खोलने में पड़ने वाली जरूरतों को पूरा करने के लिए यह पहल की गई है।
ऐसे बनेगा बच्चों का आधार कार्ड
डाक विभाग 5 साल तक के बच्चों का आधार कार्ड बनाने के लिए बच्चे का आईडी प्रूफ के लिए अस्पताल सर्टिफिकेट या स्कूल का प्रमाण पत्र के साथ अभिभावकों का आधार कार्ड लेकर डाकिया अपने डिवाइस पर अपलोड करेगा और अन्य जानकारियां भरेगा। बच्चे का फिंगरप्रिंट, चेहरे और आंखों का स्कैन करेगा। इस प्रक्रिया के एक हप्ते बाद बच्चे का आधार कार्ड उसके अभिभावक को निर्गत कर दिया जाएगा। इस प्रक्रिया की शर्त यह है कि इसमें सिर्फ 15 साल तक के बच्चों के लिए ही आधार कार्ड मान्य होगा। नीले रंग में बने इस आधार कार्ड से बच्चा देश-प्रदेश की सभी योजनाओं का लाभ पा सकेगा।
पोस्ट ऑफिस के सहायक डाक अधीक्षक राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि इस व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए शुक्रवार को जिला कार्यक्रम अधिकारी और मातहतों के साथ बैठक की जायेगी। आंगनवाड़ी केंद्रों में कार्यक्रम की सफलता के लिए उपाय किए जाएंगे। सोमवार से इस अभियान की शुरुआत की जाएगी।
Published on:
15 Dec 2021, 7:23 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.