
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर गरजा आसमान | Image - X/@ANI
Purvanchal Expressway Air Show: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे आज भारतीय वायु सेना की ताकत का गवाह बना, जहां दोपहर करीब 2 बजे भव्य एयर शो की शुरुआत हुई। इस ऐतिहासिक आयोजन में सबसे पहले C295 ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट ने एक्सप्रेसवे पर बनी इमरजेंसी एयरस्ट्रिप पर सफल लैंडिंग कर अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया।
एयर शो के दौरान जगुआर लड़ाकू विमान ने सबसे पहले उड़ान भरी, जिसके बाद राफेल, सुखोई और मिराज जैसे अत्याधुनिक फाइटर जेट्स ने बारी-बारी से टेकऑफ और लैंडिंग कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। इन विमानों की तेज रफ्तार और सटीक नियंत्रण ने हर किसी को भारतीय वायु सेना की ताकत का एहसास कराया।
सैन्य शक्ति के प्रदर्शन को और प्रभावशाली बनाते हुए M17 हेलीकॉप्टर से कमांडोज ने मॉक ऑपरेशन किया। इस दौरान आपातकालीन हालात में कैसे कार्रवाई की जाती है, इसका लाइव प्रदर्शन किया गया। वहीं M32 भीष्म एयरक्राफ्ट ने एयरस्ट्रिप पर ‘टच एंड गो’ अभ्यास कर अपनी दक्षता दिखाई।
एयर शो का रोमांच यहीं खत्म नहीं हुआ, बल्कि शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक दोबारा युद्धाभ्यास की योजना बनाई गई है। इस दौरान और भी एडवांस्ड ऑपरेशन और फ्लाइट मूवमेंट्स देखने को मिलेंगे, जिससे दर्शकों का उत्साह चरम पर है।
आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए एक्सप्रेसवे पर 3.2 किलोमीटर लंबी विशेष एयरस्ट्रिप बनाई गई है। इस आयोजन के चलते सुरक्षा के मद्देनजर करीब 5 किलोमीटर का क्षेत्र पूरी तरह सील कर दिया गया है, वहीं हजारों की संख्या में लोग इस एयर शो को देखने पहुंचे हैं।
इससे पहले जून 2023 में भी इसी एक्सप्रेसवे पर चार घंटे का अभ्यास किया गया था। वहीं 16 नवंबर 2021 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुल्तानपुर से ही पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया था और उस समय वे भारतीय वायु सेना के हरक्युलिस विमान से एयरस्ट्रिप पर उतरे थे।
इस भव्य एयर शो के जरिए भारतीय वायु सेना ने न सिर्फ अपनी तकनीकी क्षमता और युद्ध कौशल का प्रदर्शन किया, बल्कि यह भी संदेश दिया कि देश किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे जैसी आधुनिक सुविधाएं अब केवल आवागमन तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि जरूरत पड़ने पर यह देश की रक्षा रणनीति का भी अहम हिस्सा बन सकती हैं।
Published on:
22 Apr 2026 05:46 pm
बड़ी खबरें
View Allसुल्तानपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
