
CM in Surajpur
सुरजपुर. विकास यात्रा के तहत प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह सोमवार को सूरजपुर जिले के ग्राम बूंदी में पहुंचे। यहां उन्होंने 226 करोड़ रुपए की विकास कार्यों की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने इस दौरान 23 हजार 812 किसानों को धान बोनस प्रदान करते हुए 42 करोड़ रुपए का ट्रांजैक्शन इंटरनेट के माध्यम से क्लिक करके किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर संभाग में आज नक्सलियों ने फिर से जवानों पर हमला किया है। नक्सली विकास के विरोधी हैं। इनकी परवाह किए बगैर विकास जारी रहेगा। नक्सलियों को मुंहतोड़ जवाब देंगे। हमले में शहीद हुए जवान को उन्होंने श्रद्धांजलि भी दी।
मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों को गिनाते हुए कहा कि आजादी से लेकर आज 60 वर्षों तक कांग्रेस की सरकार रही है। वर्तमान में विकास की खोज कर रहे हैं इन 14 वर्षों में भाजपा की सरकार ने विकास के नए-नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश में विकास यात्रा के दौरान धान के बोनस के रूप में 17 करोड रुपए किसानों के खाते में बोनस प्रदान किया जाएगा।
वही तेंदूपत्ता बोनस के रूप में वनवासियों को 700 करोड़ रुपए प्रदान किए जाएंगे। 12 हजार 750 लाख लोगों को पट्टे का वितरण विकास यात्रा के माध्यम से किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह ने कहा कि सूरजपुर के लिए दिल में अलग स्थान है। सूरजपुर सूरज की तरह चमक कर निकलेगा। जिस प्रदेश में एक तहसील के लिए बवाल होता हो।
उस प्रदेश में जब भाजपा की सरकार बनती है तो पूरे ब्लॉकों को तहसील का दर्जा दे दिया जाता है और जहां जिले की आवश्यकता होती है वह नया जिला बना दिया जाता है। उन्होंने क्षेत्र के रजवार बहुलता को ध्यान में रखते हुए रजवार वोटों पर भी निशाना साधा और कहा कि 5 करोड़ की जमीन महज 12 लाख रुपए में राज्य सरकार ने उपलब्ध कराई है।
आवश्यकता पडऩे पर धर्मशाला निर्माण के लिए आर्थिक मदद भी दी जाएगी। कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि गरीब का नारा लगाते हुए ६० सालों तक कांग्रेस ने देश को छला है। गरीब और गरीब हो गए और कांग्रेस नारा लगाते रह गई। पूरा प्रदेश गवाह है कि एक रुपए किलो में चावल, 5 रुपए किलो में चना और फ्री में नमक देने वाली यह सरकार हर एक परिवार का ख्याल रखती है।
यहां पर डॉक्टर होने के नाते डॉ. रमन सिंह ने लोगों के स्वास्थ्य की चिंता करते हुए मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना की शुरुआत की है। 50000 तक के स्वास्थ्य की गारंटी मुख्यमंत्री ने ली है। उन्होंने प्रधानमंत्री की आयुष्मान योजना का जिक्र करते हुए लोगों से इसका लाभ उठाने का आह्वान किया।
विकास यात्रा नहीं तीर्थ यात्रा है यह
मुख्यमंत्री ने विकास यात्रा को केवल विकास के आयाम स्थापित करने वाली यात्रा नहीं बताया बल्कि कहा कि यह जनता की सेवा करने के लिए निकाली गई एक ऐसी यात्रा है जिसे मैं गर्व से तीर्थयात्रा कर सकता हूं और इस तीर्थ यात्रा में उन्होंने जनता से दोनों हाथ उठाकर आशीर्वाद भी मांगा। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को आड़े हाथों लिया और कहा कि अमेठी से ज्यादा विकसित छत्तीसगढ़ प्रदेश है। वे चाहें तो प्रदेश के 27 जिलों की परिक्रमा कर लें।
ओडग़ी और सिलफिली के कॉलेज का हुआ नामकरण
मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह ने मंच से आज घोषणा की कि ओडग़ी में संचालित शासकीय महाविद्यालय का नामकरण पूर्व सांसद एवं पूर्व मंत्री शिवप्रताप सिंह के नाम पर होगा। वहीं सिलफिली स्थित शासकीय महाविद्यालय का नामकरण पूर्व सांसद मुरारी लाल सिंह के नाम पर किया।
कृषि महाविद्यालय और सेंट्रल स्कूल का होगा निराकरण
सरगुजा और सूरजपुर जिले की सरहद में परिवर्तन होने के बाद सूरजपुर जिले के कृषि महाविद्यालय कृषि विज्ञान केंद्र सेंट्रल स्कूल और बीज विकास निगम जैसी इकाइयों के सरगुजा जिले में चले जाने के संबंध में जब पत्रकारों ने मुख्यमंत्री से सवाल किया तो उन्होंने कहा कि सूरजपुर जिले को उसका हक मिलेगा। यदि सूरजपुर जिले में कृषि महाविद्यालय नहीं है सेंट्रल स्कूल नहीं है तो यहां खुलेगा, इसका निराकरण जल्द ही कर लिया जाएगा।
नक्सली कर रहे विकास का विरोध, देंगे मुंहतोड़ जवाब
पत्रकारों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर संभाग में आज नक्सलियों ने फिर से जवानों पर हमला किया है। नक्सली विकास के विरोधी हैं। इनकी परवाह किए बगैर विकास जारी रहेगा। नक्सलियों को मुंहतोड़ जवाब देंगे। हमले में शहीद हुए जवान को उन्होंने श्रद्धांजलि भी दी।
जिले को मिली 226 करोड़ की सौगात
विकास यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने नवीन जिला परिवहन कार्यालय भवन का लोकार्पण किया। शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में 50 सीटर कन्या छात्रावास, सूरजपुर महाविद्यालय में 89 अतिरिक्त कक्ष, जनपद पंचायत रामानुजनगर, प्रेम नगर और सूरजपुर के विभिन्न विकास कार्य , प्रधानमंत्री आवास योजना व एमसीएच भवन का लोकार्पण किया। वहीं 81 सोलर पंप की स्थापना, 113 मुख्यमंत्री सौर ऊर्जा के हितग्राहियों को विद्युतीकरण,
लाइवलीहुड कॉलेज में 50 सीटर बालक एवं 50 सीटर बालिका छात्रावास, महिला उद्योग दुकान, महिला प्रशिक्षण केंद्र, पार्किंग सेट, संयुक्त जिला कार्यालय के प्रथम तल में मीटिंग हाल निर्माण, भाग 2 ट्रांजिस्टर के प्रथम तल में डाइनिंग किचन, वाशरूम का निर्माण आईटीआई भवन का रिनोवेशन कार्य,
आईटीआई भवन में मिस्ट्री का निर्माण, न्यायालय परिसर में अतिरिक्त कोर्ट रूम का निर्माण, जिला आयुर्वेद अस्पताल के उन्नयन हेतु विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमि पूजन, सूरजपुर जिला मुख्यालय में ऑडिटोरियम निर्माण कार्य, जिला ग्रंथालय अनुसूचित जनजाति छात्रावास समेत अन्य निर्माण कार्यों का लोकार्पण भूमि पूजन किया।
कलेक्टर की थपथपाई पीठ
जिले में डबरी निर्माण एवं डीएमएफ मद से विभिन्न विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह ने कलेक्टर केसी देव सेनापति की जमकर तारीफ की और पीठ थपथपाते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए पूरी तरह से समर्पित है। उन्होंने पूरे प्रदेश में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि सूरजपुर रोड रेलवे स्टेशन पहुंच मार्ग का भूमि पूजन करते हुए एक करोड़ 52 लाख का प्रावधान किया गया है। यह मार्ग जल्द ही बनकर तैयार होगा और जनसामान्य को समर्पित किया जाएगा।
भाजपा कार्यकर्ताओं की सराहना
मंच पर मुख्यमंत्री काफी प्रसन्नचित्त मुद्रा में नजर आए। उन्होंने विकास यात्रा से पूर्व गांव-गांव में पार्टी के विभिन्न पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की यात्रा की सराहना की। उन्होंने कहा कि मंच पर बैठे सभी प्रमुख नेता और सामने बैठे समस्त कार्यकर्ता ने गांव-गांव में पहुंचकर पार्टी के मिशन को घर-घर तक पहुंचाया है। इसके लिए वे धन्यवाद के पात्र हैं। इस दौरान उन्होंने भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के संयोजक बाबूलाल अग्रवाल के द्वारा प्रकाशित फोल्डर का भी विमोचन किया।
नेताम ने साधा रजवार मतदाताओं पर निशाना
20 मई को आयोजित विकास यात्रा पूर्व में प्रेमनगर में होनी थी लेकिन इसे संशोधित कर ग्राम ऊंचडीह में आयोजित की गई। उसके पीछे के उद्देश्य चाहे जो भी रहे हो लेकिन जो बात सामने आई वह यही थी कि रजवार बाहुल्य क्षेत्र विधि को इसके लिए उपयुक्त माना गया।
विकास यात्रा में राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम ने भी रजवार मतदाताओं को साधने में कोई कमी नहीं की। उन्होंने रजवार धर्मशाला के लिए शासन स्तर पर 12 लाख रुपए में दी गई 5 करोड रुपए की भूमि का उल्लेख किया। वहीं रजवार समाज के भइयालाल राजवाड़े को कैबिनेट मंत्री का दर्जा देने से लेकर विभिन्न मौकों पर रजवार समाज के साथ रहने के पहलुओं को गिनाया।
Published on:
20 May 2018 05:27 pm
बड़ी खबरें
View Allसुरजपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
