सूरत. उधना क्षेत्र में एक पूर्व मौलवी पिछले छह माह से नौ वर्ष के दो मासूम बच्चों का यौन उत्पीडऩ कर रहा था। वह दोनों बच्चों को अश्लील वीडियो दिखाकर उनके साथ अप्राकृतिक यौन संबंध बनाता था। उधना पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर हिरासत में लिया है।
मामले की जांच कर रहे पुलिस निरीक्षक एच.एस. आचार्य ने बताया कि उधना आजमी अपार्टमेंट निवासी आरोपी मोहम्मद मुदब्बीर दीघ्घी पिछले छह माह से दो बच्चों का यौन शोषण कर रहा था। दोनों बच्चे उसके घर पर धार्मिक शिक्षा लेने आते थे। पढ़ाने के दौरान अकेले में वह उन्हें मोबाइल पर अश्लील वीडियो दिखाता था। उसके बाद जबरन उनके साथ अप्राकृतिक यौन संबंध बनाता था। इस बारे में किसी से जिक्र करने पर दोनों को जान से मारने की धमकी देता था। धमकी के डर से पीडि़त बच्चों ने लंबे समय तक किसी को कुछ नहीं बताया। आखिरकार उन्होंने परिजनों को उसकी करतूत के बारे में बताया। इस पर परिजनों ने उधना थाने में प्राथमिकी दर्ज करवाई। आरोपी मुदब्बीर झारखंड का रहने वाला है। लंबे समय तक वह उधना क्षेत्र की एक मस्जिद में मौलवी था। छह माह पूर्व ही उसने मस्जिद का काम छोड़ कर घर पर बच्चों को धार्मिक शिक्षा देना शुरू किया था।