21 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सूरत की दो इमारतों में हादसे, कई दबे

अठवा गेट सर्किल के पास मॉल में दीवार ढहने से एक मौत घोड़दौड़ रोड पर बिल्डिंग का स्लैब गिरा

3 min read
Google source verification

सूरत

image

Sunil Mishra

Feb 21, 2018

surat photo


सूरत. सूरत में बुधवार को एक शॉपिंग मॉल और एक निर्माणाधीन इमारत ढह जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका है। हादसे के बाद शॉपिंग मॉल को बेमियादी समय के लिए बंद कर दिया गया है। निर्माणाधीन इमारत के मलबे को हटाने का काम देर रात तक जारी रहा।
अठवा गेट सर्किल के पास धीरज संस शॉपिंग मॉल में बुधवार सुबह करीब ग्यारह बजे ग्राउंड फ्लोर पर एक दीवार ढहने से रूम सिंह दिया सिंह वसावा (३१) नाम के एक कर्मचारी की मौत हो गई। हादसे के बाद मॉल में अफरा-तफरी मच गई। लोग अभी इस हादसे से उबरे भी नहीं थे कि रात को अठवा जोन में घोड़दौड़ रोड पर आदर्श पछात वर्ग सोसायटी के पास निर्माणाधीन एक बिल्डिंग का स्लैब ढह गया। इसके मलबे में कुछ मजदूरों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और दमकल के जवान मलबा हटाने के काम में जुटे हैं।


धीरज संस मॉल में दीवार ढही
अठवा गेट सर्किल के नजदीक धीरज संस शॉपिंग मॉल में बुधवार सुबह करीब ग्यारह बजे ग्राउंड फ्लोर पर सब्जी स्टोर के नजदीक पिलर से सटाकर बनाई गई एक दीवार अचानक ढह गई। मॉल में कार्य करने वाला एक कर्मचारी मलबे में दब गया। हादसे के बाद कर्मचारियों और मॉल में खरीद करने पहुंचे लोगों की भीड़ जमा हो गई। कर्मचारियों ने मलबा हटाकर दबे कर्मचारी को बाहर निकाला। मॉल से किसी ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस कंट्रोल रूम ने दमकल विभाग को घटना की जानकारी दी। पुलिस और दमकल विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। मनपा के जोन कर्मचारी और अधिकारी भी घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंचे। मलबे से निकाले गए कर्मचारी को निजी वाहन में न्यू सिविल अस्पताल ले जाया गया। ट्रोमा सेंटर में उसे मृत घोषित कर दिया गया। कर्मचारी का नाम रूम सिंह दिया सिंह वसावा (३१) बताया गया है। वह नानपुरा महालक्ष्मी रेजिडेंसी में रहता था। अप्रेल में उसकी शादी होने वाली थी। उमरा पुलिस ने अकस्मात मौत का मामला दर्ज किया है।


रिक्शे में लेकर पहुंचे अस्पताल
हादसे के बाद धीरज संस मॉल के कर्मचारियों ने दमकल विभाग की राह देखे बिना खुद ही मलबा हटाना शुरू किया और कर्मचारी को बाहर निकाला। उसे अस्पताल ले जाने के लिए १०८ एम्बुलेंस को सूचना दी गई, लेकिन बाद में उसे ऑटो रिक्शे में न्यू सिविल अस्पताल ले जाया गया।


एक घंटे तक पड़ा रहा शव
बुधवार सुबह ग्यारह-सवा ग्यारह बजे शव न्यू सिविल अस्पताल के ट्रोमा सेंटर लाया गया। बारह बजे तक वह ट्रोमा सेंटर में ही पड़ा रहा। खटोदरा पुलिस ने कर्मचारियों से उसका नाम और पता पूछा, लेकिन कोई आगे नहीं आया। मॉल का एक मैनेजर कम सुपरवाइजर ट्रोमा सेंटर आने के कुछ देर बाद कहीं चला गया। बाद में पुलिस ने सख्ती की, तब जाकर कर्मचारियों ने रूमसिंह के बारे में जानकारी दी।


मनपा ने स्ट्रक्चरल सर्टिफिकेट मांगा
धीरज संस में हुए हादसे के बाद हरकत में आए मनपा प्रशासन ने नोटिस जारी कर स्ट्रक्चरल स्टेबिलिटी सर्टिफिकेट मांगा है। अठवा जोन प्रशासन ने धीरज संस स्टोर संचालक को नोटिस जारी कर क्षतिग्रस्त इमारत की मरम्मत कराने तक स्टोर बंद रखने के निर्देश दिए हैं। जोन प्रशासन के मुताबिक स्टोर में खराब हो चुके निर्माण को ढहाने के साथ ही जिस जगह मरम्मत की दरकार है, उसे दुरुस्त किया जाना होगा। स्टोर संचालक मरम्मत और निर्माण का काम पूरा करने के बाद जब स्ट्रक्चरल स्टेबिलिटी सर्टिफिकेट सौपेंगे, उसके बाद ही स्टोर खोलने की अनुमति दी जाएगी। तब तक स्टोर को बंद रखा जाएगा।

निर्माण में लापरवाही
पहले धीरज संस में स्लैब गिरने की सूचना मिली थी। ग्राउंडर फ्लोर पर पता चला कि पिलर के नजदीक बनाई गई दीवार का हिस्सा ढहा है। मनपा जोन के अधिकारी भी जांच कर रहे हैं। निर्माण में लापरवाही से हादसा होने की आशंका है।
रसिक पटेल, इंचार्ज फायर ऑफिसर, मजूरा गेट

घोड़दौड़ रोड पर बिल्डिंग का स्लैब गिरने से मजदूर दबे
इधर, घोड़दौड़ रोड पर अठवा जोन ऑफिस के पास आदर्श पछात वर्ग सोसायटी के पास निर्माणाधीन बिल्डिंग का स्लैब बुधवार रात आठ बजकर दस मिनट पर ढह गया। लोगों ने तुरंत घटना की जानकारी दमकल विभाग को दी। फायर ऑफिसर राजेन्द्र राजपूत जवानों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। तेजी से राहत कार्य शुरू किया गया। स्लैब का हिस्सा बड़ा होने के कारण उसे कटर या दूसरे साधनों से काटने की कोशिश हो रही है। घटना की खबर मिलने पर आसपास के लोग भी मदद के लिए पहुंच गए। पुलिस घटनास्थल पर जमा लोगों को नियंत्रित करने में जुटी है। दमकल विभाग ने देर रात तक किसी को बाहर निकाले जाने की सूचना नहीं दी । कॉन्ट्रेक्टर ने बिल्डिंग में कार्य कर रहे सभी श्रमिकों को जमा कर उनकी जानकारी ली। इसमें तीन श्रमिकों की मिसिंग की जानकारी मिली है। दमकल विभाग मलबा हटाकर मजदूरों को तलाशने में जुटा है।