
मनाया दही हांडी उत्सव, गोविंदाओं ने फोड़ी मटकी
दमण. पटलारा गांव में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की धूम रही। कुलदेवी भीखी माता के मंदिर पर दही हांडी का आयोजित मुख्य कार्यक्रम में पूरा गांव सम्मिलित हुआ। सरपंच विजय पटेल,सदस्य मुकेश पटेल भी पहुंचे। दही हांडी फोडऩे गांव के गोविंदाओं का दल पहुंचा। जैसे ही गोविंदा मटकी फोडऩे चढ़े, उधर पानी की बौछारें फेंकनी शुरु हुईं। इधर गोविंदा आला रे आला...संगीत शुरू हुआ। गांव के बच्चे-बूढ़े-जवानों की निगाहें मटकी पर जम गईं। गोविंदाओं ने मानव पिरामिड बनाया। फिर बाधाओं को पार कर मटकी फोड़ डाली। चारों ओर नंद घर आनंद भयो जय कन्हैया लाल का स्वर गूंज उठा। गाजे-बाजे जोर से बजने लगे और जन्माष्टमी की उमंग चहुंओर छा गई। सरपंच विजय पटेल ने ग्रामवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की बधाई दी। उन्होंने कहा कि भीखी माता हम पटलारावासियों की कुल देवी हैं। भीखी माता की हमारे गांव पर सदा कृपा रही है। चार वर्ष पूर्व यहां भीखी माता का मंदिर बनवाया गया था। तब से हर साल यहां श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर दही हांडी कार्यक्रम होता आ रहा है।
राधा-श्याम को चरितार्थ कर मनाई जन्माष्टमी
दमण. दामिनी वूमेंस फाउंडेशन और आशा वूमेंस फाउंडेशन ने राधा-श्याम को चरितार्थ कर अनोखी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाई। राधा-कृष्ण और गोपिकाओं की वेशभूषा में सज्ज महिलाओं और बच्चों ने ब्रजधाम साकार कर दिया। दामिनी वूमेंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन सिंपल काटेला और आशा वूमेंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन तरुणा पटेल भी बहनों के साथ जन्माष्टमी के रंग में रंगी नजर आईं। विभिन्न कटेगरी की वेशभूषा स्पर्धा में बच्चों, युवतियों और सीनियर सिटीजन महिलाओं ने आकर्षक पोशाक और भाव-भंगिमाओं से सबका ध्यान खींचा। इसी क्रम में मटकी फोड़ कार्यक्रम में फिर गोप-गोपिकाओं का हुल्लड़ शुरू हुआ। मटकी फ ोड़ो, दौड़ो रोको जैसे दृश्य से समां बंध गया। दामिनी फाउंडेशन की सिंपलबेन ने मटकी फोड़ी। सभी ने जमकर जन्माष्टमी की खुशियां मनाईं। स्पर्धाओं में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
Published on:
25 Aug 2019, 11:08 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.