
सूरत. सूरत महानगर पालिका की ओर से रविवार को हुई श्री जसवंत पच्चीगर दौड़ प्रतियोगिता में अपने-अपने वर्गों में कृषिव, मोहम्मद, मोहिनी और स्नेहा प्रथम रहे। दौड़ के दौरान सुबह 6:30 से 9:15 बजे तक वीआर मॉल वाय जंक्शन से रघुवीर पार्टी प्लॉट तक दोनों तरफ आवागमन बाधित रहा। सोमवार को साइकिल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
मनपा प्रशासन ने रविवार सुबह सात बजे दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया। 9 से 11 साल के विद्यार्थियों के लिए वाई जंक्शन से रघुवीर पार्टी प्लॉट तक 1 किमी और वाई जंक्शन से रघुवीर पार्टी प्लॉट और फिर वाई जंक्शन तक दो किमी रूट की स्पर्धा आयोजित की गईं। 11 से 13 साल के विद्यार्थियों के लिए वाई जंक्शन से रघुवीर पार्टी प्लॉट, यहां से वाई जंक्शन और दोबारा रघुवीर पार्टी प्लॉट तक तीन किमी तथा 4 किमी दौड़ के लिए वाई जंक्शन से रघुवीर पार्टी प्लॉट तक के दो राउंड रखे गए थे।
बालकों की स्पर्धा में नौ से ११ आयुवर्ग में कृषिव हितेश पटेल प्रथम, रुद्र तेजस खलासी द्वितीय और नमृ आर पटेल ने तृतीय स्थान हासिल किया। रजत सारंग को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। 11-13 आयु वर्ग में मोहम्मद तुराब वाडीवाला पहले, अजय कृष्णलाल गुप्ता दूसरे और हर्ष नीलेश सेलर तीसरे स्थान पर रहे। इस वर्ग में भार्गव मनोज सारंग को सांत्वना पुरस्कार मिला।
बालिकाओं के नौ से ११ आयुवर्ग में मोहिनी चौहान प्रथम, एंजल वाघेला द्वितीय और रिया गडोया को तृतीय स्थान मिला। हनी पटेल को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। 11 से 13 आयुवर्ग में स्नेहा जैन प्रथम रही। महक चौपड़ा दूसरे, विनीशा सेलर तीसरे और विभुति पटेल को सांत्वना पुरस्कार मिला।
प्रतियोगिता के आयोजन के लिए पुलिस प्रशासन ने सुबह 6:30 से 9:15 बजे तक डूमस रोड पर वीआर मॉल वाई जंक्शन से उधना-मगदल्ला रोड पर रघुवीर पार्टी प्लॉट तक दोनों ओर यातायात को बंद कर रखा था।
समिति चेयरमैन और महिला पार्षद में विवाद
आयोजन के दौरान शुरू में सब कुछ ठीक था, लेकिन बाद में समिति चेयरमैन और महिला पार्षद के बीच विवाद हो गया। जानकारी के अनुसार हुआ यह कि मंच पर प्रतियोगिता के आयोजक परिवार के साथ ही जब विभिन्न समितियों के चेयरमैन और पार्षद मौजूद थे, मनपा अधिकारी पहुंचे। व्यवस्था को लेकर सांस्कृतिक समिति चेयरमैन और महिला पार्षद के बीच कहासुनी हो गई। पार्षद ने आरोप लगाया कि कार्यक्रमों के दौरान स्टेज पर जगह देने और झंडी दिखाने को लेकर उनके साथ अन्याय होता है। नाराजगी जताते हुए महिला पार्षद स्टेज से नीचे आ गईं। उधर, समिति चेयरमैन के मुताबिक किसी तरह के भेदभाव के आरोप गलत हैं। मंच पर व्यवस्था को लेकर उन्हें थोड़ी जगह बनाने के लिए कहा गया था।
दिव्यांग स्पर्धा के लिए दिए पांच लाख
मनपा को इस तरह की प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए आयोजक परिवार ने फंड दिया हुआ है। उसके ब्याज की राशि से ही मनपा इनका आयोजन करती है। समिति चेयरमैन रूपल शाह ने बताया कि आयोजक परिवार ने भविष्य में दिव्यांग प्रतियोगिता के आयोजन के लिए मनपा प्रशासन को पांच लाख रुपए की राशि दी। इस राशि के ब्याज से मनपा भविष्य में दिव्यांग स्पर्धा का भी आयोजन कराएगी। परिवार की ओर से आयोजित होने वाली तैराकी स्पर्धा स्कूल की छुट्टियों के दौरान कराई जाएगी। इसकी तारीख बाद में तय की जाएगी।
Published on:
19 Mar 2018 11:52 am
बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
