
स्टेशन पर ग्रीष्मावकाश के भारी भीड़-भड़क्के के कारण ट्रेनों में दाखिल होना तक मुश्किल
सूरत.
ग्रीष्मावकाश को लेकर सूरत से उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल जाने वाली लम्बी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनों में भीड़ बढ़ गई है। सूरत-छपरा ताप्ती गंगा तथा सूरत-मालदा टाउन एक्सप्रेस में सोमवार को काफी भीड़-भड़क्का रहा। ट्रेन प्लेटफॉर्म पर आते ही यात्रियों के बीच कोच में चढऩे के लिए अफरा-तफरी मच गई। भीड़ के कारण कन्फर्म टिकट वाले यात्री भी स्लीपर डिब्बों में काफी मुश्किल से चढ़ पाए। जनरल कोच के यात्रियों को जगह नहीं मिलने पर उन्हें अन्य ट्रेन या दूसरे दिन का इंतजार करना पड़ा।
सूरत समेत दक्षिण गुजरात में रहने वाले उत्तरप्रदेश और बिहार के निवासी बड़ी संख्या में ग्रीष्मावकाश के दौरान गांव जाते हैं। हर बार की तरह इस बार भी उत्तरप्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों को काफी तकलीफों का सामना करना पड़ रहा है। दक्षिण गुजरात के अलग-अलग शहरों की औद्योगिक इकाइयों में काम करने वाले लोग गांव जाने के लिए दस-बारह घंटे पहले सूरत या उधना स्टेशन पहुंच जाते हैं और पूरी रात स्टेशन पर बिताने के बाद अगली सुबह यात्रा शुरू करते हैं।
राजस्थान पत्रिका हर साल गर्मी की छुट्टियों के दौरान सूरत-छपरा ताप्ती गंगा, उधना-दानापुर, उधना-वाराणसी भोलेनगरी, सूरत-भागलपुर और उधना-कानपुर उद्योगकर्मी एक्सप्रेस के यात्रियों की परेशानी से अवगत कराता रहा है। 20 अप्रेल तक लगभग सभी स्कूलों की परीक्षाएं खत्म होने के बाद भीड़ और बढऩे के आसार हैं। राजस्थान पत्रिका ने सोमवार को सूरत से रवाना होने वाली ताप्ती गंगा तथा सूरत-मालदा टाउन का जायजा लिया। दोनों गाडिय़ों में काफी भीड़ थी। रेलवे सुरक्षा बल के जवान पूरी रात और ट्रेन आने के समय प्लेटफॉर्म पर तैनात किए गए।
ट्रेन आने पर जनरल कोच में बिठाने के लिए लाइन को छोड़ा गया, लेकिन भीड़ अधिक होने के कारण कई यात्रियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। यात्री सिर पर बैग और कंधे पर थैला उठाकर कोच में घुसने की कोशिश कर रहे थे। बड़े-बड़े ड्रम और पेटी के कारण कोच के अंदर भी यात्रियों को काफी परेशानी हुई। यात्रियों ने ट्रेन में प्रवेश करने के लिए वैकल्पिक रास्तों का भी सहारा लिया।
प्लेटफॉर्म से ट्रेन में नहीं चढ़ पाने वाले यात्री खिडक़ी तथा उल्टी दिशा से कोच में चढ़ते दिखाई दिए। भीड़ इतनी थी कि रेलवे सुरक्षा बल के जवानों को उन्हें संभालना मुश्किल हो रहा था। सूरत-मालदा टाउन एक्सप्रेस प्रत्येक सोमवार सूरत से रवाना होती है। इसमें भी यात्रियों की काफी भीड़ थी। ताप्ती गंगा के समय प्लेटफॉर्म संख्या चार यात्रियों से खचाखच भरा था।
स्टेशन पर बढ़ गए अपराध
सूरत स्टेशन पर तीन दिन से यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। आरक्षण केन्द्र, करंट बुकिंग कार्यालय और प्लेटफॉर्म संख्या एक और चार यूपी-बिहार जाने वाले यात्रियों से भर गए हैं। सूत्रों ने बताया कि कुछ दिन में स्टेशन परिसर में नकदी, मोबाइल और बैग चोरी के मामले बढ़े हैं। यात्री रेलवे के पास शिकायत के लिए जाता है तो उसे यह कह कर भगा दिया जाता है कि ऐसी घटनाएं होती रहती हैं। ज्यादातर यात्री पुलिस रिपोर्ट करने से कतराते हैं। वेकेशन में करंट बुकिंग कार्यालय के बाहर कतार बिल्डिंग की छत से बाहर होते हुए गेट तक पहुंच जाती है।
Published on:
16 Apr 2019 09:40 pm
बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
