
प्रदर्शनी में समझेंगे ध्वज का इतिहास
सूरत. मनपा प्रशासन गुरुवार से ध्वज प्रदर्शनी का आयोजन करने जा रहा है। 19 अगस्त तक चलने वाली प्रदर्शनी में राष्ट्रीय ध्वज के क्रमिक विकास का खाका सामने रखा जाएगा। सोमवार को अवकाश के कारण और स्वतंत्रता दिवस पर प्रदर्शनी दो दिन बंद रहेगी।
अगस्त क्रांति दिवस पर नौ अगस्त से 19 अगस्त तक सरदार पटेल म्यूजियम के पहले माले पर राष्ट्रीय ध्वज की प्रदर्शनी लगाई जा रही है। इसमें राष्ट्रीय ध्वज के उद्भव, उसके इतिहास, राष्ट्रध्वज के क्रमिक विकास की गाथा और राष्ट्रीय प्रतीकों चित्र प्रदर्शित किए जाएंगे।
मनपा प्रशासन के अनुसार 9, 10, 14 और 16 अगस्त को रोजाना सुबह 9.30 बजे से 4.30 बजे तक प्रदर्शनी खुली रहेगी। 11, 12, 17, 18 और 19 अगस्त को सुबह 11.30 से शाम 6.30 बजे तक प्रदर्शनी का जायजा ले सकेंगे। सोमवार को अवकाश के कारण 13 अगस्त को और स्वतंत्रता दिवस पर 15 अगस्त को प्रदर्शनी दो दिन बंद रहेगी।
हरियाली अमावस पर लगेगा मेला
श्रावणी अमावस्या के मौके पर शनिवार को शहर के रांदेर और सगरामपुरा क्षेत्र में दिवासो मेले का आयोजन किया जाएगा। दस दिवसीय दशा मां की पूजा-आराधना का दौर भी शुरू होगा। हरियाली अमावस्या के मौके पर रांदेर में रांदल मां की यात्रा भी निकाली जाएगी। श्रावण अमावस्या से शुरू होने वाले दस दिवसीय दशा माता व्रत-आराधना की तैयारियां शहर में जोर-शोर से चल रही हैं। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में दशा माता की शृंगारित प्रतिमाएं चौक-चौराहे पर दिखने लगी हैं। श्रद्धालु माता की प्रतिमा बाजे-गाजे के साथ लेकर जाएंगे और दस दिन तक पूजा-आराधना करेंगे। पंडाल में प्रतिमाओं की स्थापना शनिवार को की जाएगी। इसके बाद नियमित व्रत रखकर सुबह पूजा, दोपहर-शाम कथा श्रवण के बाद रात को गरबा खेलकर माता की भक्ति की जाएगी। श्रावण अमावस्या के दिन दीपावली के सौ दिन शेष रहने से शनिवार को दिवासो कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान रांदेर में रांदल माता की शोभायात्रा निकाली जाएगी। सगरामपुरा में हनुमान मंदिर के सामने परम्परागत मेले का आयोजन होगा।
Published on:
8 Aug 2018, 9:59 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.