पचपदरा की नीतू हैदराबाद की घटना से आक्रोशित होकर घर से निकली जोशीले अभियान पर...जम्मू-कश्मीर के रामबन से स्कूटी पर सवार होकर निकल पड़ी भारत भ्रमण पर। कश्मीर से कन्याकुमारी तक 4200 किलोमीटर की यात्रा में नीतू चौपड़ा पहुंची सूरत और आगे मुंबई होकर जाएगी कन्याकुमारी।
सूरत. बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, आत्मनिर्भर बनाओ तथा लड़कियों घर से निकलो अभियान के साथ भारत भ्रमण पर निकली राजस्थान के पचपदरा कस्बे की 29 वर्षीया बेटी नीतू चोपड़ा बुधवार रात सूरत पहुंची। नीतू कश्मीर से कन्याकुमारीतक 4200 किमी की यात्रा स्कूटी से तय करने के लिए निकली है। सूरत पहुंचने पर नीतू का गुरुवार सुबह आठ बजे भटार के विवेकानंद गार्डन में स्मित लाफिंग क्लब, सवा आठ बजे सीनियर सिटीजन ग्रुप, सुबह नौ बजे सिटीलाइट के तेरापंथ भवन में साध्वी सरस्वती के सानिध्य में तेरापंथ महिला मंडल की ओर से सम्मान किया जाएगा।
इसके बाद सुबह 11 बजे वेसू में बेटी बचाओ राष्ट्रीय अभियान, गुजरात प्रदेश अग्रवाल सम्मेलन व गुजरात प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन तथा दोपहर साढ़े तीन बजे अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन, शाम साढ़े चार बजे वल्र्डवाइड एंटरप्रेन्योर नीतू चौपड़ा का सम्मान करेगी और शाम सात बजे भगवान महावीर यूनिवर्सिटी के ऑडिटोरियम में महावीर इंटरनेशनल व अन्य सहयोगी संस्था सम्मान करेगी। वहीं, रात नौ बजे उधना के तेरापंथ भवन में तेरापंथ युवक परिषद के अलावा पचपदरा प्रगति मंडल, राजस्थान जैन सेवा समिति, जैन युवा मंडल आदि संगटन भी सम्मानित करेंगे।
गुरुवार को सूरत प्रवास के बाद नीतू अपनी आगे की यात्रा पर रवाना होगी और 27 को मुंबई पहुंचेगी। यहां से कोल्हापुर, हुबली, बेंगलुरू, सेलम, मदुरई होकर कन्याकुमारी पहुंचेगी। इससे पहले नीतू ने अपनी यात्रा कश्मीर के रामबन से शुरू की थी।